आप के कौंसलरों ने इन प्रमुख वार्डों में कांग्रेस के साथ ही भाजपा और शिअद को दी शिकस्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लुधियाना वैस्ट उप चुनाव में आप उम्मीदवार अरोड़ा की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले कौंसलर चर्चा में

लुधियाना, 26 जून। अब लुधियाना वैस्ट विधानसभा हल्के के उप चुनाव को लेकर वार्ड स्तर तक ‘पॉल्टिकल-पोस्टमार्टम’ जारी है। चुनाव जीतने वाले आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के समर्थक यह पड़ताल कर रहे हैं कि उनको किस वार्ड में जीत दिलाने वाले प्रमुख कौंसलर और नेता कौन रहे। वहीं दूसरी तरफ, चुनाव में हारे विपक्षी दलों के उम्मीदवारों की टीमें इस ‘सियासी-चीरफाड़’ में लगी हैं कि आखिर उनको किस-किस वार्ड में कैसे और क्यों शिकस्त का सामना करना पड़ा।

वार्ड 71 : जैरथ-दंपति ने 7 महीने में दूसरी बार दिलाई आप को जीत

वार्ड 71 से आप की कौंसलर नंदिनी मनु जैरथ हैं और उनके पति मनु जैरथ भी पार्टी की गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहे हैं। यहां गौरतलब है कि जैरथ दंपति ने महज सात महीने में दूसरी बार यहां कांग्रेस का सियासी-किला भेद दिया। पिछले नगर निगम चुनाव में शाह दंपति ने जीत का परचम लहराया था। इस बार विस उप चुनाव में उनके इसी वार्ड में आप को 1140 वोट मिले। वहीं भाजपा को 968, कांग्रेस को 847 तो शिअद को महज 64 वोट ही हासिल हो सके।

वार्ड 64 में आप का वोट-बैंक हो गया चौगुना :

वार्ड 64 में इस उप चुनाव में आप का वोट बैंक पिछले निगम चुनाव की तुलना में चार गुना बढ़ने की तुलना भी हो रही है। यहां गौरतलब है कि इस वार्ड की आप कौंसलर इंदु मुनीष शाह ने निगम चुनाव में 215 वोट से जीत हासिल की थी। उनके पति मुनीष शाह भी लगातार आप की पार्टी गतिविधियों में शामिल रहे। शाह दंपति का दावा है कि आप वर्करों के सहयोग से उन्होंने इस वार्ड में इस विस उप चुनाव में पार्टी का वोट-बैंक चार गुना बढ़ाने में भूमिका निभाई। पार्टी को इस वार्ड से 800 वोट की बढ़त मिली।

वार्ड 56 में सारे बूथ पर जीत से तनवीर उत्साहित :

वार्ड 56 में आप कौंसलर तनवीर सिंह धालीवाल हैं। उनके समर्थक इस बात से बेहद उत्साहित हैं कि उनके वार्ड में आप को सभी 13 बूथ पर कुल 2,473 वोट मिले। जबकि कांग्रेस को 1193, भाजपा को 1126 और शिअद को महज 321 वोट ही हासिल हो सके। सभी बूथ पर वे कांग्रेस से लीड लेने, भाजपा को तीसरे तो शिअद को चौथे नंबर पर पछाड़ने की वजह से अगले विस चुनाव में और बेहतर प्रदर्शन करने के दावे कर रहे हैं।

———

 

Leave a Comment