आप ने पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान को अपने साथ लाकर सियासत में रखवाया कदम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

आप सुप्रीमो केजरीवाल ने पार्टी में कराया शामिल, सोनिया के पिता रहे नामी किसान नेता

चंडीगढ़ 23 फरवरी। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी अब फिर संभलने की कोशिश कलरही है। पंजाब की नामी एक्ट्रेस सोनिया मान ने आप में शामिल होकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कर दी है। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर सोनिया मान के आप में शामिल होने की तस्वीरों को जारी कर इसकी जानकारी साझा की।

यहां काबिलेजिक्र है कि सोनिया मान इससे पहले दिल्ली में आप सुप्रीमो केजरीवाल से मिल चुकी हैं। जहां केजरीवाल ने उन्हें सरोपा पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। माना जा रहा है कि सोनिया मान के शामिल होने से पंजाब में आप को गति मिलेगी, खासकर युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता पार्टी के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। सोनिया प्रमुख किसान नेता बलदेव सिंह मान की बेटी हैं। वह कीर्ति किसान यूनियन के नेता थे और ‘हरियावल दस्ता’ पत्रिका के संपादक थे। जब 1986 में मान अपने गांव लौट रहे थे, तब उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या पंजाब के राजनीतिक इतिहास का एक काला अध्याय मानी जाती है। उनकी विरासत आज भी राज्य में किसान आंदोलनों को प्रेरित करती है।

सोनिया मान फिल्मी जगत में अपनी खास पहचान बना चुकी हैं और सामाजिक मुद्दों पर भी बेबाकी से अपनी राय रखती रही हैं। उनके राजनीति में आने की चर्चा काफी समय से थी। आखिरकार उन्होंने आप के मंच से अपनी सियासी पारी की शुरुआत करने का फैसला किया है। आप पहले ही पंजाब में मजबूत स्थिति में है। हालांकि दिल्ली चुनाव में हार के बाद विरोधी लगातार आप पर निशाना साध रहे हैं। सोनिया मान के जुड़ने से पार्टी को खासतौर पर युवाओं और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के बीच समर्थन मिलने की उम्मीद है।

—————–

 

 

Leave a Comment