पंजाब के लुधियाना में आज गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने से एक कमरे में अचानक आग लग गई। हादसे में तीन बच्चों सहित एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
गैस जलाते ही भड़की आग, बच्चों की चीखें सुनकर जुटे लोग
घायल बच्चों की मां गुड्डी ने बताया कि वह नीची मंगली की रहने वाली हैं और जिस वेहड़े में रहती हैं, वहीं विकास नाम का युवक भी रहता है। आज सुबह विकास अपने कमरे में खाना बना रहा था और उसके बच्चे भी उसी कमरे में बैठे थे। जैसे ही विकास ने गैस चूल्हा जलाया, पाइप लीक होने के कारण अचानक आग भड़क उठी।
आग लगने से कमरे में धुआं भर गया और धमाका भी हुआ। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सभी ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान विकास, अर्जुन, सुरजीत और राहुल के रूप में हुई है।
“चूहे ने सिलेंडर का पाइप काटा था” – घायल विकास
अस्पताल में उपचार ले रहे विकास ने बताया कि गैस जलाते ही चारों तरफ आग फैल गई। उसके साथ बैठे अर्जुन, सुरजीत और 4 वर्षीय राहुल भी लपटों की चपेट में आ गए। विकास का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है, जबकि राहुल की टांगों में गंभीर जलन है। विकास ने बताया कि वह पिछले दो साल से लुधियाना में प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता है।
“चारों का इलाज यहीं होगा” – SMO अखिल सरीन
सिविल अस्पताल के SMO अखिल सरीन ने बताया कि सभी घायलों की हालत की जांच की गई है। शुरू में उन्हें रीफर करने का विचार था, लेकिन अब स्थिति सामान्य लग रही है। इसलिए चारों का इलाज लुधियाना सिविल अस्पताल में ही किया जाएगा।





