शोर मचाने से रोका तो चाकू मारकर किया युवक का मर्डर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

हल्लोमाजरा का मामला, आरोपी भी यहीं का रहने वाला

संदीप सैंडी

चंडीगढ़ 09 Nov -चंडीगढ़ कॉलोनियों व साथ लगते कुछ सेक्टरों के एरिया में नशा पूरी तरह से अपनी जड़ें फैला चुका है। इसी चक्कर में कत्ल हो रहे हैं। सेक्टर-31 पुलिस स्टेशन के अधीन पड़ते एरिया हल्लोमाजरा में एक और युवक को चाकू मारकर मर्डर कर दिया गया। मृतक की पहचान विशाल पांडे के रूप में हुई है। यह हमला वीरवार रात को हुआ था। घायल विशाल जीएमसीएच-32 में एडमिट था, जहां शनिवार आधी रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हल्लोमाजरा से 23 साल के बीरू उर्फ कांचा के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अब घायल की मौत होने के बाद पुलिस अब कांचा के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास की दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा जोड़ देगी। पुलिस को दिए बयानों में विशाल ने बताया था कि वीरवार शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। उसी दौरान बीरू उर्फ कांचा उनके पड़ोस में किसी के साथ झगड़ते हुए गाली गलौज कर रहा था। पूरे एरिया में गालियां गूंज रही थीं। उसने वहां पर जाकर कांचा को कहा कि गालियां न निकाले। इसी बात पर आरोपी उससे झगड़ा करने लगा। आरोपी ने बहस में चाकू निकाल कर उस पर वार कर दिए। आरोपी हमले के बाद मौके से भाग गया। बताया गया कि आरोपी कांचा नशे का आदी था। उस पर पहले ही चार केस दर्ज हैं।

पुलिस की गश्त ही नहीं होती :- हल्लोमाजरा में पुलिस चौकी बनी है। स्थानीय लोगों का कहना हना है कि पिछले कुछ समय से मुलाजिम गश्त ही नहीं करते। सरकारी नंबरों पर कॉल करो तो कोई फोन नहीं उठाते। इसकी हकीकत जाने के लिए भास्कर रिपोर्टर ने भी चौकी के नंबर पर कॉल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। मात्र हल्लोमाजरा नहीं शहर के कई पुलिस स्टेशनों में भी सरकारी नंबरों पर मुलाजिम फोन कम ही उठाते हैं। सीनियर अधिकारियों को यह मामला गंभीरता से लेना चाहिए।

Leave a Comment