पंजाब-चंडीगढ़ में बढ़ी ठंड, 11 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब और चंडीगढ़ में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का एहसास बढ़ा दिया है। रविवार को पहली बार चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी तथा 13 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लोगों ने लिया सुहावने मौसम का आनंद

रविवार की छुट्टी होने के कारण लोगों ने ठंडे मौसम का भरपूर लुत्फ उठाया। सुखना लेक जैसे पर्यटन स्थलों पर दिनभर भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों ने कहा कि उमस भरे मौसम के बाद अब गिरते तापमान के साथ घूमने-फिरने का आनंद और बढ़ गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 नवंबर के बाद ठंड में और तेजी आएगी, जिससे सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ सकती है।

फरीदकोट सबसे ठंडा जिला

पंजाब में रविवार को रात का तापमान 0.2 डिग्री घटकर सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे पहुंच गया। फरीदकोट 8 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक पंजाब में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार, बारिश भले न हो, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।

Leave a Comment