सोमवार, 10 नवंबर को शेयर बाजार में हफ्ते की सकारात्मक शुरुआत हुई। सेंसेक्स 400 अंकों की बढ़त के साथ 83,650 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 120 अंकों की तेजी के साथ 25,600 के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के अधिकांश शेयरों में बढ़त
सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में तेजी और 9 में गिरावट दर्ज की गई। इंफोसिस के शेयर में सबसे अधिक 2.5% की तेजी रही, जबकि HCL और TCS में लगभग 2% की बढ़त हुई। इसी वजह से NSE का आईटी सेक्टर करीब 2% चढ़ गया। मेटल और फार्मा सेक्टर में भी लगभग 1% की तेजी देखने को मिली।
ग्लोबल मार्केट में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 0.98% बढ़कर 50,766.89 पर और कोरिया का कोस्पी 2.89% बढ़कर 4,067.88 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.58% की तेजी पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.037% की मामूली गिरावट पर है।
विदेशी निवेशकों की बड़ी खरीदारी
7 नवंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने ₹5,147.92 करोड़ और घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ₹6,135.12 करोड़ के शेयर खरीदे। अक्टूबर में FPI ने कुल ₹14,610 करोड़ का निवेश किया था। वहीं सितंबर में FII ने ₹35,301.36 करोड़ के शेयर बेचे थे।
शुक्रवार, 7 नवंबर को सेंसेक्स 95 अंक गिरकर 83,216 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 17 अंक फिसलकर 25,492 पर बंद हुआ।





