उस शख्स ने ओटीपी नहीं बताया और ना किसी लिंक पर क्लिक किया
चंडीगढ़, 2 नवंबर। सिटी ब्यूटीफुल भी लगातार साइबर ठगों के निशाने पर है। प्लंबर का नंबर सर्च कर रहे एक शख्स के बैंक खाते से करीब साढ़े छह लाख रुपये किसी शातिर ठग ने उड़ा लिए।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ के सैक्टर 17 निवासी हरिश्चंद्र जैन के साथ यह ठगी हुई। जब उन्होंने अपने घर के नल की ठीक करवाने के लिए गूगल पर प्लम्बर का नंबर सर्च किया तो उनके बैंक खाते से करीब 6 लाख 39 हजार रुपए गायब हो गए। मामला चंडीगढ़ के साइबर सेल थाना सेक्टर-17 में दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, हरिश्चंद्र के घर की टूटी खराब हो गई थी। उन्होंने जिस कंपनी की फिटिंग लगवाई थी, उसका नाम गूगल पर सर्च कर उस कंपनी का प्लम्बर नंबर ढूंढा।
गूगल पर दिखे पहले नंबर पर कॉल किया तो फोन उठाने वाले ने खुद को कंपनी का सीनियर अफसर बताया। उसने कहा कि एक प्लम्बर जल्द ही उनसे संपर्क करेगा। कुछ ही देर बाद हरिश्चंद्र को एक और कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ज्ञानेश्वर प्लंबर बताया। उसने टूटी की समस्या के बारे में पूछा और अगले दिन आने की बात कहकर फोन काट दिया।
हरिश्चंद्र के बैंक खाते से शाम को अचानक पैसे कटने के मैसेज आने लगे। देखते ही देखते उनके खाते से कुल 10 ट्रांजैक्शन में 6 लाख रुपए निकल गए। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया और किसी लिंक पर क्लिक भी नहीं किया था।
———-





