7 अक्टूबर — पंजाब के लुधियाना में नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह पंजाब रोडवेज की चलती बस पलट गई। जिस वक्त बस पलटी, उसमें 40 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही उनमें चीखोपुकार मच गई। यह देखकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और यात्रियों को बाहर निकाला। सभी को हल्की चोटें लगी हैं। बस चंडीगढ़ से फिरोजपुर जा रही थी। शुरुआती जांच में पता चला कि बस की कमानी टूटने की वजह से वह बेकाबू होकर पलट गई। 3 यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ से पंजाब रोडवेज की बस (PB 05 AJ-9759) फिरोजपुर जा रही थी। जब वह चंडीगढ़-लुधियाना नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 8 बजे समराला के पास पहुंची तो अचानक उसकी कमानी टूट गई। इससे बस झटके खाने लगी। ड्राइवर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया और वह तेजी से हाईवे पर ही पलट गई। इसके बाद वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक इलाज देना पड़ा। इसमें ड्राइवर या किसी दूसरे की कोई गलती नहीं है। हादसे के वक्त बस के पीछे ट्रैक्टर पर जा रहे चश्मदीद अमनिंदर सिंह ने परिवहन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रोडवेज की बस पहले से ही एक टूटे हुए पट्टे पर चल रही थी। मुख्य पट्टा पहले से ही टूटा हुआ था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
डॉक्टर बोले- 3 घायल आए थे, उन्हें छुट्टी दी
समराला सिविल अस्पताल के डॉक्टर प्रभाकर पांडे ने बताया कि उनके पास तीन घायल यात्री लाए गए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है।