गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में खूंखार इनामी बदमाश भीम जोरा मारा गया
हरियाणा, 7 अक्टूबर। गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस को ज्वाइंट ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली। नेपाल मूल के कुख्यात बदमाश भीम जोरा को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। उस पर दिल्ली के एक डॉक्टर की हत्या के बाद डकैती और गुरुग्राम में भाजपा महरौली की जिला अध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर पर 22 लाख की चोरी में शामिल होने के आरोप थे।
जानकारी के मुताबिक डॉक्टर की हत्या के बाद पुलिस ने भीम की गिरफ्तारी पर एक लाख का इनाम रखा था। मंगलवार तड़के गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस की उससे साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही उसने और उसके एक साथी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस टीमों ने भी मोर्चा खोल दिया। इस जवाबी कार्रवाई में भीम जोरा गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका साथी फायरिंग करते हुए फरार हो गया। इस मुठभेड़ में गुरुग्राम क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा भी बाल-बाल बच गए।
घायल जोरा को पुलिस ने एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब उसके साथी की तलाश कर रही है। गुरुग्राम सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला था कि भीम सिंह जोरा साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। तुरंत इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस अमर कॉलोनी थाना को दी। ऑपरेशन यूनिट स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक राजेन्द्र डागर के नेतृत्व में गठित कर क्राइम ब्रांच के साथ मौके पर भेजी।
दोनों टीमों ने घेरा तो भीम जोरा और उसके साथी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। भीम जोरा की ओर से फायर की गई एक गोली इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा के बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा कर, लिहाजा वो बच गए। पुलिस के मुताबिक भीम महाबहादुर जोरा मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। वह भारत में डकैती और हत्या के साथ साथ चोरी की बहुत सी वारदातों को अंजाम दे चुका था।
————