हमें धैर्य, मर्यादा, भाईचारे व सच्चाई के रास्ते पर चलना सिखाती है रामायण : नायब सिंह सैनी सरकार भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना से करवा रही विकास कार्य मुख्यमंत्री ने श्री राम हनुमान रामलीला समिति लाडवा को 11 लाख रुपए देने की करी घोषणा

The Minister for Labour and Employment, Haryana, Shri Nayab Singh Saini calling on the Minister of State for Labour and Employment (I/C), Shri Santosh Kumar Gangwar, to discuss to upgrade ESIC facilities in the state, in New Delhi on January 02, 2018.

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

चंडीगढ़, 2 अक्तूबर- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमारे जीवन को सही दिशा देते हैं। रामायण हमें यह सिखाती है कि धैर्य, मर्यादा, भाईचारे और सच्चाई के रास्ते पर चलकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। आज के इस पावन पर्व पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने जीवन से बुराइयों को दूर करेंगे और समाज में अच्छाई, भाईचारे व प्रेम का संदेश फैलाएंगे।

मुख्यमंत्री  वीरवार को श्री राम हनुमान रामलीला समिति लाडवा, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित रामलीला महाआरती  में पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और गदा भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समिति को 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।

 उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत विशेष है, क्योंकि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। दशहरे का संदेश है कि चाहे बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसका नाश निश्चित है और सत्य व धर्म की हमेशा जीत होती है। हरियाणा सरकार भी श्रीराम के आदर्शों पर चलकर सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ विकास कार्य करवा रही है।

उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर को केडीबी मेला ग्राउंड, कुरुक्षेत्र में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह नए अपराधिक कानूनों के सकारात्मक परिणामों पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। अंग्रेजों के समय से कानून अभी तक देश में चले आ रहे थे, जिन्हें समाप्त करके देश में नए कानून लागू किए हैं। देश में इन कानूनों को सबसे पहले लागू करने वाला हरियाणा प्रदेश है। उन्होंने नागरिकों को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रण भी दिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्तूबर को होंगे हरियाणा में

 

सहकारिता क्षेत्र को मिलेगी नई उड़ान, विकास परियोजनाओं से होगा हरियाणा समृद्ध

 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह हरियाणा को देंगे कई सौगातें

 

चंडीगढ़,2 अक्तूबर- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 3 अक्तूबर को हरियाणा दौरे पर होंगे। उनका यह दौरा रोहतक और कुरुक्षेत्र में रहेगा।

 

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सहकारिता को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह रोहतक आईएमटी में साबर डेयरी के नवनिर्मित संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर 325 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई है। केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा साबर डेयरी प्लांट में स्थापित की गई मशीनों का शुभारंभ किया जाएगा। संयंत्र के शुरू होने से लगभग एक हजार व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे।

 

साबर डेयरी द्वारा रोहतक में निर्मित भारत का सबसे बड़ा दही, छाछ व योगर्ट उत्पादन संयंत्र है। संयंत्र की 150 मीट्रिक टन प्रतिदिन दही उत्पादन क्षमता, 3 लाख लीटर प्रतिदिन छाछ उत्पादन क्षमता, 10 लाख लीटर प्रतिदिन योगर्ट उत्पादन क्षमता तथा 10 मीट्रिक टन प्रतिदिन मिठाई उत्पादन क्षमता है।

 

स्वदेशी से स्वावलंबन, खादी उद्योग बनेगा आत्मनिर्भर भारत की पहचान

 

केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित खादी कारीगर महोत्सव में 2200 कारीगरों को टूल किट भी वितरित करेंगे। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के तहत केंद्रीय सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा स्वदेशी से स्वावलंबन थीम के तहत आयोजित खादी कार्यक्रम महोत्सव में आधुनिक मशीनों, टूल किट (2200 कारीगरों) एवं पीएमईजीपी की 301 करोड़ रुपए की मार्जिन मनी का वितरण भी करेंगे।

 

वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा पीएमईजीपी इकाइयों, केंद्रीय पूनी संयंत्र एवं खादी ग्रामोद्योग भवनों का उद्घाटन भी किया जाएगा। श्री अमित शाह कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

 

आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन

 

सरकारी प्रवक्ता ने आगे बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। यह महत्वपूर्ण प्रदर्शनी 5 दिनों तक चलेगी, जिसमें अधिवक्ता, छात्र, अभिभावक और आम नागरिक शामिल होकर आपराधिक न्याय प्रणाली में हुए बदलावों को समझ सके। नए कानून से हुए परिवर्तन और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें 7 अलग-अलग विभागों की भूमिका को भी दर्शाया जाएगा। प्रदर्शनी को 10 भागों में विभाजित किया गया है।

 

प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की न्याय व्यवस्था को समयानुकूल और आधुनिक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए नए आपराधिक कानूनों को लागू करने की पहल की है। उनकी सोच रही है कि आम नागरिकों को न्याय सुलभ, सरल और त्वरित रूप से मिलना चाहिए तथा कानूनों का स्वरूप ऐसा हो जो जनता के अधिकारों की रक्षा करते हुए उन्हें विश्वास और सुरक्षा का अनुभव कराए। सरकार ने वर्षों से चले आ रहे पुराने दंड संहिताओं को बदलकर एक ऐसी व्यवस्था प्रस्तुत की है, जो न केवल विभागों के कार्य को सरल बनाती है बल्कि नागरिकों को भी त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाने में सहायक सिद्ध हो रही है।

 

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि नागरिकों को नए कानूनों से मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभ, जैसे कि त्वरित न्याय, आधुनिक तकनीक का उपयोग और मामलों के निपटान में तेजी भी इस प्रदर्शनी के जरिए समझाए जाएंगे। यह आयोजन भारतीय न्याय प्रणाली को एक नई दिशा देने के साथ-साथ कानून और नागरिकों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने का कार्य करेगा।

 

825 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का भी करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास

 

केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह हरियाणा की जनता को विकास की नई सौगात देते हुए कुरुक्षेत्र में लगभग 825 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से प्रदेश की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी तथा जनकल्याण की दिशा में नए आयाम जुड़ेंगे। यह कदम न केवल हरियाणा की प्रगति को गति देगा बल्कि रोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं को सशक्त बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा। केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर जनता के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने तथा विकास के नए मानक स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, और यह अवसर उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।

 

क्रमांक- 2025

 

 

 

 

 

 

 

‘राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह 2025’ का गुरुग्राम में शुभारंभ

 

मानेसर में अरावली क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रहे मुख्य अतिथि, मंत्री राव नरबीर सिंह ने की अध्यक्षता

 

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुग्रामवासियों से प्रत्येक रविवार को अरावली ग्रीन वॉल अभियान में सहयोग का किया आह्वान

 

वन्य जीव संरक्षण से ही सुरक्षित रहेगा पर्यावरण – राव नरबीर सिंह

 

नमो वन में पौधारोपण कर 500 एकड़ में वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ, अरावली स्पीशीज नर्सरी का किया शिलान्यास

 

चंडीगढ़, 02 अक्टूबर- गुरुग्राम में आज ‘राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह 2025’ का आयोजन किया गया। वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता सुरक्षा और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम मानेसर स्थित अरावली क्षेत्र में राम मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने की।

 

केंद्रीय मंत्री ने गुरुग्रामवासियों से प्रत्येक रविवार को अरावली ग्रीन वॉल अभियान में सहयोग का किया आह्वान

 

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में गुरुग्रामवासियों से आह्वान किया कि वे हर रविवार सुबह कम से कम 1 घंटे के समय का योगदान अरावली के ग्रीन अरावली अभियान में दें। इस छोटे प्रयास से पूरे शहर में हरियाली बढ़ाने, प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को स्वस्थ बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है। यदि प्रत्येक नागरिक इस अभियान में नियमित रूप से भागीदारी निभाए, तो गुरुग्राम न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक हरा-भरा, स्वच्छ और विकसित शहर बनने की दिशा में अग्रसर होगा।

 

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लें और स्कूल के आस-पास के खाली स्थानों में पौधे लगाएँ और उनकी देखभाल करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वृक्षारोपण का कार्य नहीं है, बल्कि समाज और प्रकृति के बीच एक मजबूत जुड़ाव और जिम्मेदारी का संदेश भी है। गुरुग्राम के नागरिक सामूहिक रूप से इस अभियान में भाग लेंगे, तो यह शहर भारत का मॉडल शहर बनकर उभरेगा, जहां हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का आदर्श स्थापित होगा। उन्होंने आग्रह किया कि यह प्रयास केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पर्यावरणीय स्थिरता और स्वच्छ जीवन सुनिश्चित करने का माध्यम बने।

 

वन्य जीव संरक्षण से ही सुरक्षित रहेगा पर्यावरण – राव नरबीर सिंह

 

हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन पर्वतमाला अरावली हमारी धरोहर है। यह केवल पर्वतमाला ही नहीं, बल्कि ऋषि-मुनियों की तपस्थली और जैव विविधता का आधार भी रही है। जब तक हमारे वन सुरक्षित रहेंगे, तब तक वन्य जीव-जंतु भी सुरक्षित रहेंगे। जीव-जंतु और पक्षी हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। यदि हम उनकी रक्षा नहीं करेंगे तो पृथ्वी का संतुलन बिगड़ जाएगा। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह बेजुबान पशु-पक्षियों की देखभाल करे और वनों की सुरक्षा को अपना संकल्प बनाए।

 

वन्य जीव सप्ताह का उल्लेख करते हुए, श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन को जागरूक करना है ताकि समाज में यह संदेश पहुंचे कि वन्य जीवों की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर व्यक्ति को योगदान देना होगा।  उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ केवल लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी पाँच साल तक एक बच्चे की तरह देखभाल करना भी जरूरी है। जब पेड़ बड़े होंगे तो वे पशु-पक्षियों के लिए आश्रय स्थल बनेंगे और प्रकृति का संतुलन भी ठीक रहेगा।

 

नमो वन में 750 पौधे रोपे, 500 एकड़ में वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तावित ‘नमो वन’ में 750 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही 500 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल बच्चे की तरह की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र हरा-भरा बनकर पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत कर सके।

अरावली स्पीशीज नर्सरी का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मानेसर स्थित शनि मंदिर परिसर में अरावली स्पीशीज नर्सरी का शिलान्यास भी किया गया। यह नर्सरी अरावली पर्वत श्रृंखला में स्थानीय प्रजातियों के पौधों और वृक्षों की पैदावार, संरक्षण और पुनःरोपण के लिए एक केंद्र के रूप में कार्य करेगी। यहां उगाए गए पौधे ग्रीन अरावली अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, जिससे न केवल हरा-भरा वातावरण बनेगा, बल्कि वन्य जीवों के लिए आश्रय और जैव विविधता का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।

जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों व प्रकाशनों का हुआ विमोचन

कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों व प्रकाशनों का केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव तथा कैबिनेट मंत्री श्री राव नरबीर सिंह द्वारा विमोचन किया गया। इनमें “हरियाणा की वन्य जीव धरोहर”, “हरियाणा के 75 सामान्य वृक्ष”, “हरियाणा के 75 स्थानीय पक्षी”, “हरियाणा के 75 जलपक्षी”, “हरियाणा के 75 वन्य प्राणी”, “हरियाणा की 75 तितलियाँ”, “जटायु की कहानी – भारत के गिद्धों को बचाने की पहल”, “सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान पर कॉफी टेबल बुक”, “मंगर बानी परिदृश्य – मानव और तेंदुआ सहअस्तित्व”, “गुरुग्राम कूलिंग एक्शन प्लान”, “वाइल्ड हरियाणा न्यूज़” तथा “वाइल्ड हरियाणा” ट्रेलर प्रमुख रहे।

वन्य जीव मित्रों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान वन्य जीव संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा में योगदान देने वाले प्रमुख व्यक्तियों और वन्य जीव मित्रों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों तथा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता अभियान के विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निरंतर प्रयासों, समर्पण और समाज में जागरूकता फैलाने की भूमिका को सराहने के लिए प्रदान किया गया

कार्यक्रम में सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर, केंद्र सरकार में एडीजी श्री संतोष तिवारी, पर्यावरण, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, पीसीसीएफ (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन डॉ. विवेक सक्सेना, पीसीसीएफ श्री विनीत गर्ग, हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष श्री रणदीप सिंह जौहर, गुरूग्राम मंडल के वन संरक्षक श्री सुभाष यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।