प्रेरित होकर रामलीला के कलाकार भी हुए शामिल सफाई मुहिम में, केंद्रीय मंत्री खट्टर ने भी चलाया अभियान
चंडीगढ़, 25 सितंबर। सिटी ब्यूटीफुल के सैक्टर 15 स्थित मंडी ग्राउंड में सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें चंडीगढ़ के प्रशासक व पंजाब के गवर्नर गुलाबचंद कटारिया ने भाग लिया। उन्होंने इस दौरान बिना दस्ताने पहने झाड़ू लगाने के साथ मंडी में बिखरा कूड़ा भी समेटा।
अवसर पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि उनके आने से पहले नगर निगम ने यहां सफाई करा दी थी। ऐसा तो तब होता है जब घर पर कोई मेहमान आता है, जबकि वे तो जनता के सेवक हैं। साथ ही कहा कि सफाई मुहिम का उद्देश्य यह नहीं है कि कुछ मिनट बिताने के बाद सब ठीक हो जाएगा। सभी को मिलकर काम करना होगा और यह कसम लेनी होगी कि कोई भी व्यक्ति अपना कूड़ा या घर का सामान बाहर नहीं फेंकेगा। पहले अपने घरों से शुरुआत करें, तभी चंडीगढ़ पूरे देश में नंबर वन आएगा।
इस मौके पर मेयर हरप्रीत कौर बबला और प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। इसी दौरान सैक्टर 15 में रामलीला में भगवान श्रीराम और रावण का किरदार कर रहे कलाकारों को भी बुलाया गया, उन्होंने भी मंडी ग्राउंड में झाड़ू लगाई। चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा बाढ़ आपदा में भर्ती वॉलिंटियर भी बुलाया गए। दूसरी तरफ एक अन्य कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी शिरकत की।
——