पहले बदमाशों ने मोहाली में जिम चलाने वाले होटल मालिक के दोस्त को मारीं गोलियां
चंडीगढ़, 25 सितंबर। वीरवार सुबह कजेहड़ी स्थित होटल दिलजोत पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पांच राउंड फायर किए। हमला कर बदमाश मौके से फरार हो गए। इस वारदात से इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रियंका,ऑपरेशन सैल और पुलिस स्टेशन-36 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की कोशिश की। साथ ही आसपास के इलाकों में भी फुटेज खंगाले। फिलहाल पुलिस इस मामले को गैंगवार और पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने सबसे पहले मोहाली में जिम संचालक विक्की पर गोली चलाई और इसके बाद चंडीगढ़ पहुंचे। यहां उनका निशाना वीरू थे, जो सेक्टर-49 का रहने वाले हैं और होटल दिलजोत के संचालक हैं।
पुलिस का कयास है, आरोपियों को लगा कि वीरू होटल में मौजूद होंगे, लेकिन उस समय वह अपने घर पर थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि बदमाश मोहाली की तरफ से आए थे। पहले वे होटल के सामने से गुजरे और फिर कुछ सेकेंड बाद वापस आकर रुक गए। इसके बाद दोनों ने होटल पर फायरिंग की। गोली लगने से होटल का शीशे वाला दरवाजा चकनाचूर हो गया। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर रखी थी।
होटल स्टाफ ने बताया कि वीरू इस होटल को 6 साल से लीज पर लेकर चला रहे हैं। वीरू का दोस्त विक्की मोहाली में जिम चलाता है। पुलिस को शक है कि फायरिंग की घटना आपसी रंजिश से जुड़ी हो सकती है। जिसके चलते पुलिस घटनास्थल के आसपास का डंप डेटा भी उठा रही है, जिससे पता चलेगा कि घटना के दौरान यहां कितने फोन एक्टिव थे।
————