23 सितम्बर—
जालंधर के सोढ़ल रोड स्थित मोहल्ला कोट बाबा दीप सिंह नगर में सोमवार सुबह 9 से 10 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां जसविंदर सिंह के दो बेटों (सुरिंदर सिंह और अमरिक सिंह) पर कुछ लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि घटना पास के गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फोटो है अब पुलिस के पास हैं। जानकारी के अनुसार नन्हा, सागर, गोल्डी सिंह उर्फ काला पुत्र सोहण सिंह उर्फ सोनी और आत्मा सिंह ने मिलकर दोनों भाइयों को घेर लिया। नन्हा और सागर सिंह आत्मा सिंह के बेटे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपियों ने पहले सुरिंदर सिंह को निशाना बनाया और उस पर हाथ में पहनने वाले कड़े और अन्य सामान से हमला किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। आरोपी नन्हा 14 माह जेल में रहकर जमानत पर बाहर आया है। जमानत पर आने के बाद बदमाशी करता था। अमरिक सिंह ने अपने भाई को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर भी वार किए। हालांकि अमरिक सिंह की चोटें गंभीर नहीं हैं, लेकिन उस पर भी हमला जानलेवा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सुरिंदर सिंह को गंभीर आंतरिक चोटें लगीं हैं और जिसका जालंधर के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक वह इस समय सिविल अस्पताल में है, जिसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। मगर उसे ठीक होने में काफी समय लगेगा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हमला प्लान के बाद किया गया था। गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपियों ने दोनों भाइयों पर बेरहमी से हमला किया। पुलिस ने ये फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और इन्हें मुख्य सबूत माना जा रहा है।घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावर पहले से ही इस वारदात की योजना बनाकर आए थे। परिवार और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो इलाके का माहौल और बिगड़ सकता है।
