पेरेंट्स भी सीख लें : दोस्त की स्टंटबाजी से पलटी कार, इकलौते बेटे ने गवांई जान, तीन युवक जख्मी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

गलत संगत का जानलेवा नतीजा, कुरुक्षेत्र में कार पलटी, मरने वाला युवक रविवार को ही लौटना था साइप्रस

कुरुक्षेत्र, 21 सितंबर। यहां साइप्रस से लौटे एक युवक की उसके दोस्त द्वारा कार से स्टंट करने की वजह से मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य युवक भी घायल हुए हैं। मरने वाला युवक अपने दोस्तों के साथ लाडवा जा रहा था। तभी कार चला रहे उसके दोस्त ने मस्ती करते हुए गाड़ी तेज कर दी और जिग-जैग तरीके से चलाने लगा।

जानकारी के मुताबिक जब कार चला रहे युवक ने एक कट मारा तो कार पेड़ से टकराकर पलट गई, जिससे चारों युवक उसमें फंस गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने करनाल के कलरी जागीर गांव के हर्षित कंबोज (22) को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों युवकों का इलाज चल रहा था। बताते हैं कि हर्षित को रविवार को ही साइप्रस वापस लौटना था। वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने कार चला रहे युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। चौगांमा निवासी पारस के मुताबिक शनिवार शाम को वह, हर्षित, आर्यन (निवासी मंढ़ान) और शुभम (निवासी गढ़ी सादान) एक साथ बैठे थे। आर्यन अपने चाचा की सियाज कार लेकर आया हुआ था। तभी सबने लाडवा घूमने जाने का प्लान बनाया। वे यमुनानगर-सहारनपुर रोड से होते हुए लाडवा की ओर निकले। आर्यन बहुत तेज गति से कार चला रहा था। पिछली सीट पर बैठे हर्षित और शुभम ने उसे कई बार धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन आर्यन ने किसी की नहीं सुनी और वह और भी तेज़ी से कार चलाने लगा।

यमुनानगर-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौदा गांव के पास पहुंचकर आर्यन ने तेज गति के साथ-साथ गाड़ी को जिग-जैग तरीके से चलाना शुरू कर दिया। उसे ऐसा करने से रोका, लेकिन वह नहीं माना। पारस के अनुसार, अचानक आर्यन ने एक कट मारा, जिससे गाड़ी सड़क किनारे पलट गई और एक पेड़ से जा टकराई। चारों लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए।

————-

 

 

Leave a Comment