दोनों काबिल प्रोफेसरों ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया मान, आईएडीआर इंडिया डिवीजन का सबसे बड़ा सम्मान
चंडीगढ़, 20 सितंबर। यूं तो पीजीआई चंडीगढ़ की अपनी खास पहचान है। वहीं, एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह चिकित्सा संस्थान चमका है। यहां के दो प्रोफेसरों ने अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
जानकारी के मुताबिक ओरल हेल्थ साइंसेज सेंटर के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अर्पित गुप्ता को इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर डेंटल, ओरल एंड क्रेनियोफेशियल रिसर्च इंडिया डिवीजन की ओर से फैलोशिप अवॉर्ड दिया। यह इंडिया डिवीजन का सबसे बड़ा सम्मान है। यह अवॉर्ड उन्हें दांत और ओरल हेल्थ से जुड़ी रिसर्च और उनके योगदान के लिए मिला। नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में इसरो के चेयरमैन डॉ. वी नारायणन ने उन्हें सम्मानित किया।
वहीं, डर्मेटोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. विनय केशव मूर्ति को पेरिस (फ्रांस) में आयोजित यूरोपियन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी एंड वेनेरियोलॉजी कांग्रेस में बैस्ट रिसर्चर अवॉर्ड मिला। यह अवॉर्ड पहले लेक्चरर ऑफ द ईयर अवॉर्ड कहलाता था और इसे रिसर्च और पढ़ाई-लिखाई में बेहतरीन काम के लिए दिया जाता है। डॉ. विनय यह सम्मान पाने वाले दक्षिण एशिया के पहले शोधकर्ता बने हैं।
————