राजदीप सिंह सैनी
लुधियाना 11 सितंबर। नेपाल में हिंसक प्रदर्शन लगातार जारी है। जिस वजह से पूरा नेपाल आग में झुलस रहा है। वहीं इस हिंसक प्रदर्शन के कारण लुधियाना से टूर पर व बिजनेस के सिलसिले में गए नामी घरानों के करीब 20 लोग वहां पर फंस गए थे। अब सभी लुधियाना वासी लोग सुरक्षित वापिस लौट आए हैं। हालांकि उन्हें इस प्रदर्शन के कारण चाइना, बैंकॉक समेत कई देशों से घुमकर आना पड़ा। जिस कारण दिक्कत तो हुई, लेकिन वे सुरक्षित वापिस लौट आए हैं। हालांकि, एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए उन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट लगातार मिलती रही। जिससे उनका रास्ता आसान रहा। इसमें से कई परिवार बुधवार देर रात लुधियाना पहुंचे तो कई परिवार वीरवार रात दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं। इनमें शहर के एफएमसीजी कंपनी, रियल एस्टेट कारोबारी, होजरी कारोबारी व ट्रेक्टर पॉट्स कारोबारी व उनके परिवार शामिल हैं।
कैलाश मानसरोवर के दर्शन करने गए थे चीन
जानकारी के अनुसार लुधियाना पहुंच चुके एफएमसीजी कंपनी और रियल एस्टेट कारोबारी घरानों के सदस्य चीन स्थित कैलाश मानसरोवर के दर्शन करने के लिए गए थे। जिसमें चार जेंट्स और सात महिलाएं शामिल थी। इनकी और से वहां दर्शन किए गए। वापिस आते समय ही नेपाल में हिंसा भड़क गई, जिस कारण ये वहीं पर फंस गए थे।
काठमांडू से चाइना और फिर गए बैंकॉक
वापिस लौटे परिवारों ने बताया कि काठमांडू से तिब्बत स्थित ल्हासा जाना पड़ता है। फिर वहां से तकलाकोट पहुंचकर आगे मानसरोवर दर्शन के लिए जाना पड़ता हैं। जब कारोबारी घराने 11 सदस्य दर्शन कर वापिस ल्हासा पहुंचे तो नेपाल में हालात खराब हो गए। पीड़ितों ने बताया कि ल्हासा से सिर्फ दो स्थानों पर काठमांडू व चेगडू (चाइना) के लिए फ्लाइट जाती है। उन्होंने कहा कि चेगडू के लिए भी हाल ही में फ्लाइट शुरु हुई है, जैसे कि भगवान ने खुद उन्हें बचाने का रास्ता बनाया। ल्हासा से उन्हें पता चला कि चेगडू से कई देशों से होते हुए भारत जाया जा सकता है। जिसके बाद वे वहां से दो घंटे की फ्लाइट का सफर कर चेगडू गए। वहां से चार घंटे का सफर कर बैंकॉक और फिर वहां से बुधवार देर रात 2 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे।
होजरी घराने ने होटल में रहकर किया बचाव
वहीं नेपाल में घूमने के लिए गए होजरी घराने के परिवारिक सदस्य काठमांडू के हयात होटल में फंस गए थे। उन्होंने बताया कि होटल में लिमिटेड फूड ही बचा था। उन्होंने होटल में रहकर अपना बचाव किया और लिमिटेड फूड के जरिए ही किसी तरह गुजारा किया। इस बीच उन्हें वहां से सिर्फ वापसी के लिए फ्लाइट शुरु होने का पता चला था। जिसके चलते उन्होंने वहां से वापसी की फ्लाइट ली और वीरवार रात को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित पहुंच गए।
ट्रेक्टर पॉट्स कारोबारी भी लौटा वापिस
वहीं, नेपाल में बिजनेस के सिलसिले में गए लुधियाना के ही ट्रेक्टर पॉट्स कारोबारी व उनके साथी वहां पर फंस गए थे। इस दौरान उन्होंने वहां पर किसी तरह खुद को सुरक्षित रखा। जिसके बाद अब वीरवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे उन्होंने काठमांडू से दिल्ली की फ्लाइट ली और सही सलामत वापिस आए।
एनआरआई मंत्री अरोड़ा ने की सहायता
वहीं नेपाल में हिंसा भड़कने पर वहां पर फंसे लोगों के परिवारों द्वारा पंजाब के एनआरआई मंत्री संजीव अरोड़ा से सहायता की अपील की थी। जिसके चलते उनके प्रयासों के बाद सभी सुरक्षित वापिस लौट सके।
—