अब दो इमिग्रेशन कंपनियों पर केस, विदेश भेजने के नाम पर 19 लोगों से 49 लाख की ठगी, हिमाचल व पंजाब के लोग ठगे
चंडीगढ़,, 8 सितंबर। दो राज्यों की राजधानी होने के बावजूद ट्राई-सिटी में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का गोरखधंधा जारी है। अब यहां झांसा देकर दो इमिग्रेशन कंपनियों ने कुल 19 लोगों से करीब 49 लाख रुपए की ठगी कर डाली।
जानकारी के मुताबिक इन मामलों में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ के दो पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। थाना सैक्टर-17 पुलिस स्टेशन में हिमाचल प्रदेश के ऊना निवासी मुस्कान ने शिकायत दी। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर विज्ञापन देखने के बाद उन्होंने सैक्टर 17 स्थित नैक्ससग्लाइड ओवरसीज कंसलटेंट से संपर्क किया। कंपनी के संचालकों ने उनको विदेश भेजने का भरोसा दिला करीब 5.50 लाख रुपए ले लिए। इसी कंपनी ने पंजाब के 6 अन्य लोगों से भी वर्क वीजा के नाम पर लाखों रुपए वसूले। कुल मिलाकर इस कंपनी ने हिमाचल और पंजाब के 7 लोगों से 29 लाख 9 हजार 500 रुपए ठगे। पुलिस ने इस शिकायत पर केस दर्ज किया।
दूसरी तरफ, सैक्टर-34 पुलिस स्टेशन में यूपी के संजय कुमार और पंजाब के 11 अन्य लोगों ने शिकायत की। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सैक्टर-34 स्थित के-9 इमीग्रेशन कंपनी ने उन्हें विदेश भेजने का झांसा देकर ठगा। नौ लोग साउथ कोरिया और तीन लोग आर्मेनिया जाना चाहते थे। इसके लिए सभी ने मिलकर कंपनी को करीब 22 लाख रुपए दिए। लेकिन लंबे समय तक चक्कर कटवाने के बाद ना तो उन्हें विदेश भेजा गया और ना ही पैसे लौटाए गए।




