हरियाणा की बेटी : शिक्षक दिवस पर सोनीपत की टीचर सुनीता ढुल को मिला नेशनल अवॉर्ड

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित, बेटी क्यों पढ़ा रहे, ताने देते थे लोग पिता को

सोनीपत, 5 सितंबर। हरियाणा में कभी रुढ़ीवादी सोच के चलते महिलाओं के बेपर्दे रहने के अलावा लड़कियों को पढ़ाने पर भी समाज ताने देता था। ऐसे ही माहौल में सोनीपत की रहने वाली सुनीता ढुल पढ़कर कामयाबी टीचर बनीं। शुक्रवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनको शिक्षक दिवस पर रखे समारोह में नेशनल अवॉर्ड देकर सम्मानित किया।

गौरतलब है कि सुनीता हरियाणा की इकलौती टीचर हैं, जिन्हें इस बार नेशनल अवॉर्ड मिला। उन्हें यह पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में लगन और समर्पण से मिसाल कायम करने पर दिया गया। सोनीपत के गांव नसीरपुर की सुनीता वर्तमान में मुरथल अड्डे स्थिति पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में सामाजिक विज्ञान पढ़ाती हैं। पढ़ाने के साथ ही वह रेडक्रॉस में राष्ट्रीय मास्टर ट्रेनर भी हैं। अब तक करीब 14 हजार बच्चों को फर्स्ट एड और जीवन रक्षक कौशल का प्रशिक्षण दे चुकी हैं। वे पिछले डेढ़ साल से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बच्चों से पौधे लगवाती हैं।

​सुनीता की जिंदगी का सफर आसान नहीं रहा। पिता राज सिंह दहिया सेना में थे, फिर बिजली निगम में काम करने लगे। उस दौर में खासकर गांवों में लड़कियों को पढ़ाना अच्छा नहीं मानते थे। उनके पिता ने जब बेटियों को पढ़ाना शुरू किया तो लोग ताने देते थे कि इनको क्यों पढ़ा रहे हो, आखिरकार इन्हें दूसरे घर जाना है। पिता के हौंसला बढ़ाने से सुनीता कामयाबी की राह पर निकल पड़ीं।

————-

Leave a Comment