चंडीगढ़, 2 सितम्बर :
मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान के गतिशील नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को निरंतर राहत प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। राज्य के सभी कैबिनेट मंत्री विभिन्न गाँवों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों को राहत सामग्री और सहायता प्रदान कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा और खाद्य, नागरिक आपूर्ति, वन एवं वन्य जीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक ने पठानकोट ज़िले के भोआ विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गाँवों का दौरा किया और बाढ़ की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने आज कथलौर ब्रिज, कोलियाँ अड्डा, पम्मा, सियोंटी तरफ़ और नरोट जैमल सिंह का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इस मुश्किल घड़ी में लोगों को राहत सामग्री पहुँचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने धुस्सी बाँध का भी दौरा किया। इसके अलावा, स. हरपाल सिंह चीमा ने भोआ विधानसभा क्षेत्र के लिए राहत सामग्री के चार ट्रक भी रवाना किए।
इस बीच, कैबिनेट मंत्री एवं आप के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमन अरोड़ा और जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने स्थिति का जायजा लेने के लिए संगरूर जिले के मकरोर साहिब के पास घग्गर और सुनाम के सरहिंद चोई का दौरा किया। उन्होंने जमीनी हकीकत का जायज़ा लिया और बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की ज़रूरतों का आकलन किया।
इसके अलावा, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सुल्तानपुर लोधी तहसील के गांव मंड इंदरपुर और भरोआना का दौरा किया और बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की और बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने ससराली कॉलोनी के पास सतलुज नदी धुस्सी बांध का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके अलावा, ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के कैबिनेट मंत्री श्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने खन्ना में गैब पुल का दौरा कर पानी निकासी का निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने अजनाला और रमदास जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मदद प्रदान करने के लिए राहत सामग्री की 15 ट्रॉलियों, खाद्य सामग्री, दवाइयां, पशुओं के लिए चारा ले जाने वाले 10 छोटे वाहनों की व्यवस्था की है।
स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने होशियारपुर जिले के शामचुरासी विधानसभा क्षेत्र के गांव पंडोरी खजूर का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और उनके लिए किए जा रहे आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने गाँव बेदी छन्ना का दौरा किया और गुरुद्वारा साहिब में चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया तथा लोगों को राहत सामग्री भी वितरित की। उन्होंने अजनाला और रमदास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज, अमृतसर से 23 एम्बुलेंस भेजी हैं। इस अवसर पर लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह हेयर, विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल भी उपस्थित थे।
पंजाब के जेल एवं परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज हरिके पत्तन (ज़िला तरनतारन) और जल्लोके के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति और नुकसान का जायज़ा लिया। उन्होंने ज़रूरतमंद लोगों को भोजन किट, पानी, राशन आदि राहत सामग्री वितरित की और पशुओं के लिए चारा, भूसा और चारे का भी प्रबंध किया।