पंजाब में मोदी सरकार की नीतियां बताने को कैंप लगा रहे बीजेपी नेताओं की धरपकड़ का मुद्दा लपका पार्टी ने

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

दूसरे दिन कैंप लगाने जाते जाखड़ तक हिरासत में लिए, कई जिलों में पंजाब सरकार के पुतले फूंके, धरने लगाए बीजेपी ने

चंडीगढ़, पंजाब, 22 अगस्त। पंजाब में वैसे तो भाजपा विधानसभा में तीसरे पायदान पर है। इसके बावजूद प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की ‘खामोशी’ के चलते उसने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के खिलाफ एक सियासी-मुद्दा लपक लिया है।
दरअसल, शहरों के बाद गांवों में पैठ बनाने की मंशा से इन दिनों भाजपा मोदी सरकार की नीतियों के प्रति जागरुकता कैंप लगा रही है। इसी बीच, पुलिस ने गत दिवस कैंप लगाते या लगाने जा रहे तमाम भाजपा नेताओं को कई जिलों में हिरासत में लिया था। जिसके बाद बीजेपी ने धरने-प्रदर्शन किए तो पुलिस ने हिरासत में लिए भाजपा नेता रिहा कर दिए थे। वहीं, इस मामले में एक तरह से आम आदमी पार्टी बैकफुट पर दिखी। आप ने तर्क दिया कि केंद्र की नीतियां समझाना राज्य सरकार का काम है, यह कोई राजनीतिक-दल नहीं कर सकता है। इससे डेटा-लीक का खतरा बनता है।
दूसरी तरफ इस तर्क को खारिज शुक्रवार को भी बीजेपी ने यह मुद्दा गर्माया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत अबोहर में जागरुकता कैंप लगाने जा रहे भाजपा प्रदेशाध्य सुनील जाखड़ का काफिला पुलिस ने रोक लिया। जिसके बाद जाखड़, पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता व नेता सड़क पर धरना लगाकर बैठे। पुलिस ने जाखड़, ज्याणी व विधायक संदीप जाखड़ समेत अनेक भाजपा वर्कर हिरासत में ले लिए। उनकी गिरफ्तारी के बाद थाना सदर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना लगाया।
वहीं, फाजिल्का में भाजपा के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह काका कंबोज को हिरासत में लिया। इसी तरह, जालंधर के श्री राम चौक में भाजपा द्वारा आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। सुनाम में भाजपा ने एसडीएम कार्यालय के सामने जिला अध्यक्ष दामन बाजवा के नेतृत्व में धरना दिया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इधर, लुधियाना में भी बीजेपी ने छह जगह आप सरकार के पुतले फूंककर रोष प्रदर्शन किया। रोपड़ में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार को लेकर बीजेपी और पुलिस आमने-सामने आ गए। बीजेपी द्वारा लगाए गए जागरूकता कैंपों को पुलिस ने बंद करवा दिया। इसके विरोध में जिला प्रधान अजेवीर सिंह लालपुरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

Leave a Comment

युद्ध नाशियां विरुद्ध’: 174वें दिन पंजाब पुलिस ने 365 जगहों पर छापेमारी की; 87 ड्रग तस्कर पकड़े गए — अभियान में 55 एफआईआर दर्ज, 509 ग्राम हेरोइन, 1 किलो अफीम बरामद — ‘नशा मुक्ति’ अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने 59 लोगों को नशा मुक्ति उपचार के लिए राजी किया