हरियाणा विधानसभा का मानसून सेशन शुरु होते ही कांग्रेस ने बिगड़ी कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर किया जमकर हंगामा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

सदन चार

बार स्थगित, सेशन चलेगा 27 अगस्त तक, सीएम सैनी ने कांग्रेस पर किया तीखा पलटवार

चंडीगढ़, 22 अगस्त। हरियाणा विधानसभा का मानसून सेशन शुक्रवार को शुरू हो गया, जो 27 अगस्त तक चलेगा। पहले दिन कांग्रेस द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर स्थगन प्रस्ताव लाने पर हंगामा हुआ।
कांग्रेस ने मनीषा हत्याकांड को बनाया खास मुद्दा :
जानकारी के मुताबिक अध्यक्ष हरविंदर कल्याण द्वारा श्रद्धांजलि सभा के बाद प्रश्नकाल शुरू करने का संकेत दिए जाने के बाद कांग्रेसी विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि उनकी पार्टी ने स्थगन प्रस्ताव दिया है। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कार्यवाही स्थगित करने की मांग की। उनके जरिए विपक्षी दल ने भिवानी की महिला टीचर मनीषा के चर्चित कत्लकांड को खास मुद्दा बनाया। हालांकि, अध्यक्ष ने कहा कि प्रक्रिया का पालन किया जाएगा और प्रश्नकाल के बाद इस पर विचार होगा। कांग्रेसी विधायकों के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने भुक्कल से कहा, मामला विचाराधीन है, प्रश्नकाल चलने दीजिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हंगामे पर हस्तक्षेप करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया, अध्यक्ष को इस पर चर्चा की अनुमति देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने तीखा पलटवार किया कि कांग्रेस राज में तो ऐसे मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थीं। हालांकि, कांग्रेस ने विरोध किया और विधायक सदन के वेल में चले गए। इसके बाद उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, क्या हुआ क्या हुआ’ लिखे पोस्टर निकाले और बीजेपी हाय-हाय के नारे लगाए। सत्ता पक्ष ने इसका जवाब भारत माता की जय के नारों से दिया, जिसके बाद दोनों पक्ष नारेबाजी करते रहे। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 30 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
इस बीची, मानसून सत्र से पहले बुलाई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सत्र को 27 अगस्त तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री सैनी, जो सदन के नेता भी हैं, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और नेता विपक्ष व पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा सहित विपक्षी दलों के सदस्य बैठक में शामिल हुए। उन्होंने सत्र में उठाए जाने वाले कार्यों पर निर्णय लिया।
विपक्ष की ये हैं प्रमुख मांगें :
कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा सेशन में कई अहम मुद्दे उठाने की योजना बनाई थी। जिनमें भिवानी की शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत प्रमुख मुद्दा है। व्यापारियों से गैंगस्टरों द्वारा की जा रही जबरन वसूली, विधायकों को धमकियां और पिछले कुछ महीनों में हुए कई जघन्य अपराध शामिल हैं।
विपक्ष गुड़गांव समेत सूबे के कई शहरों में मानसून के दौरान हुए जलभराव का मुद्दा उठाने की तैयारी में है।

बीजेपी को बैकफुट पर लाना चाहती है कांग्रेस !
सियासी जानकारों की मानें तो हरियाणा में सुशासन देने के दावे करते हुए सैनी सरकार लगातार सत्ता में आई। दूसरी तरफ, सत्ता हाथ से फिसलने के बाद कांग्रेस गुटबाजी के बावजूद संभलती नजर आ रही है। पूर्व सीएम हुड्‌डा की अगुवाई में कांग्रेसी विधायक इस सेशन में सूबे की भाजपा सरकार को बैकफुट पर लाने की तैयारी पहले ही कर चुके हैं। यह बात दीगर है कि 27 अगस्त तक चलने वाले विस सेशन में कांग्रेस किस हद तक सत्ताधारी पार्टी भाजपा को घेर पाएगी।

Leave a Comment

युद्ध नाशियां विरुद्ध’: 174वें दिन पंजाब पुलिस ने 365 जगहों पर छापेमारी की; 87 ड्रग तस्कर पकड़े गए — अभियान में 55 एफआईआर दर्ज, 509 ग्राम हेरोइन, 1 किलो अफीम बरामद — ‘नशा मुक्ति’ अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने 59 लोगों को नशा मुक्ति उपचार के लिए राजी किया