फरीदकोट में स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सीएम भगवंत मान ने किए अहम ऐलान
फरीदकोट, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह फरीदकोट में हुआ। यहां मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर जनता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी में 80 प्रतिशत कुर्बानियां पंजाब ने दी हैं। यहां लाशों से भरी रेलगाड़ियां पहुंची थीं। यह आज़ादी हमें बहुत महंगी पड़ी। अब भाईचारा बनाए रखने के लिए मैं अंतिम सांस तक मेहनत करूंगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई के तहत पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार नई रिवॉर्ड पॉलिसी लागू कर रही है। अब एक किलो हेरोइन पकड़ने वाले पुलिस कर्मी को 1.20 लाख रुपए पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। अब एनडीपीएस मामलों की जांच हेड कॉन्स्टेबल को सौंपी जा रही है।
साथ ही ऐलान किया कि 1,600 नए पुलिस मुलाजिमों की भर्ती की जा रही है। हालांकि, पहले इन पदों पर तैनात मुलाजिमों को प्रमोशन दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों और कारगिल युद्ध के हीरोज को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में राजस्थान आर्म्ड पुलिस फोर्स की टुकड़ी भी शामिल हुई। सीएम ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 26 हस्तियों और पुलिस मुलाजिमों को सम्मानित किया।
————