पंजाब 8 अगस्त। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की राजनीतिक पार्टियों का नाम लिए बिना उन पर हमला बोला। चंडीगढ़ में उद्योगपतियों के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से पहले पंजाब में वसूली का सिस्टम चलता था। लोगों से गलत तरीके से पैसे वसूले जाते थे। लेकिन हमने तीन साल में बहुत बदलाव किया है। उन्होंने कहा- आज पहली बार सरकार अपने अधिकार छोड़कर उद्योगपतियों को दे रही है। नई इंडस्ट्री पॉलिसी बनाने के लिए 24 कमेटियां बनाई गई हैं। अब यह कमेटियां तय करेंगी कि आगे पंजाब में किस तरह निवेश लाना है। हालांकि उन्होंने कहा कि अपने सुझावों में सब्सिडी पर फोकस न करें। वहीं, सीएम भगवंत मान ने कहा कि हमारी सरकार ने सालों पुराने नियम बदले हैं। उन्होंने उद्योगपतियों को कहा कि आप पंजाब में निवेश करे। सरकार आपको हर तरह की सुविधा देगी।
पंजाब में लोग तरक्की करने से डरते थे
केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ सालों के समय को हम 3 हिस्सों में बांट सकते हैं। हमारी सरकार 2022 में पंजाब में बनी थी। पहले वसूली सिस्टम था। लोगों को तरक्की करने से डर लगता था, क्योंकि हिस्सेदारी मांगने वाले लोग आ जाते थे। उस समय की कहानियां आती थीं कि किसी फैक्ट्री के सामने वसूली के लिए अपना आदमी बैठा दिया जाता था। चंदा नहीं देने पर कई फ्लाईओवर तक रोक दिए जाते थे। नतीजतन पंजाब से कंपनियां चली गईं और राज्य पहले नंबर से 18वें नंबर पर आ गया।