आप ने संगठन को किया सक्रिय, पार्टी के लुधियाना शहरी प्रधान खंगूड़ा ने योजना के लाभ समझाए
लुधियाना, 10 जुलाई। सूबे की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी लुधियाना वैस्ट उप चुनाव जीतने के बाद से उत्साहित है। अब पंजाब सरकार की जनहितकारी योजनाओं के बारे में संगठन के स्तर से जनता को जागरुक करने पर फोकस किया जा रहा है।
इसी मुहिम के तहत आप के लुधियाना शहर अध्यक्ष जतिंदर खंगूडा ने लोगों को जागरुक किया है। उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत मान द्वारा मोहाली में शुरू की गई ‘आसान रजिस्ट्री योजना’ अब लुधियाना में भी लागू हो गई है। इस योजना की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे आम लोगों के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। खंगूड़ा ने कहा कि अब लुधियाना के निवासियों को संपत्ति पंजीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब यह प्रक्रिया ऑनलाइन या निर्धारित पंजीकरण केंद्रों के माध्यम से आसानी से हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि अब घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण हो जाएगा। डिजिटल दस्तावेज़ जांच और समय स्लॉट बुकिंग भी होगी। निर्दिष्ट केंद्रों पर सहायक कर्मचारी तैनात रहेंगे। जनता को बिचौलियों से मुक्ति मिलने के साथ भ्रष्टाचार मुक्त प्रक्रिया के अलावा पारदर्शिता रहेगी। यह योजना मान सरकार की प्रौद्योगिकी आधारित शासन नीति का हिस्सा है। जो लोगों को सुविधाजनक और ईमानदार सरकारी सेवाएं प्रदान करती है।आम आदमी पार्टी लुधियाना शहरी इकाई इसे लेकर वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगी। ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
———-