शाह ने किया था जलापूर्ति प्रोजेक्ट का उद्घाटन, अब विजिलेंस जांच शुरू
चंडीगढ़, 7 जुलाई। ट्राई-सिटी के मनीमाजरा एहरिया में शुरू की जलापूर्ति परियोजना की जांच चंडीगढ़ विजिलेंस विभाग ने शुरू कर दी है। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। तब इस प्रोजेक्ट की लागत 75 करोड़ बताई गई थी।
गौरतलब है कि तब उद्घाटन समारोह के दौरान चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया भी मौजूद थे। इस प्रोजेक्ट की जांच के लिए विजिलेंस को केंद्र सरकार से आदेश मिले हैं। अब विजिलेंस टीम यह पता लगा रही है कि इस प्रोजेक्ट को नगर निगम का कौन अधिकारी देख रहा था और 75 करोड़ की लागत किन-किन चीजों पर खर्च की गई। साथ ही वह सामान कहां से खरीदा गया।
उद्घाटन के समय चंडीगढ़ नगर निगम की कमिश्नर आनंदिता मित्रा थीं और वर्तमान में अमित कुमार निगम कमिश्नर हैं। जांच के दौरान विजिलेंस विभाग आनंदिता मित्रा से भी पूछताछ कर सकता है। साथ ही प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य अधिकारियों को भी नोटिस भेजकर बुलाएगा। चंडीगढ़ बीजेपी के अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने केंद्र सरकार को एक चिट्ठी भेजी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि मनीमाजरा में पिछले साल 4 अगस्त 2024 को 24 घंटे जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया गया, लेकिन आज तक वहां एक दिन भी पानी नहीं आया। घरों में गंदा पानी आने से लोग परेशान हैं।
शिकायत में मल्होत्रा ने लिखा था कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए। इसके बाद केंद्र सरकार ने इसकी जांच चंडीगढ़ विजिलेंस विभाग को सौंपी।
———