आप सरकार के 3 साल पूरे होने पर गोल्डन टेंपल पहुंचे केजरीवाल, पंजाब में CM बदलने की चर्चाएं नकारीं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

अमृतसर 16 मार्च। पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को आज, 16 मार्च को 3 साल पूरे होने पर पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पत्नी सुनीता केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के साथ अमृतसर में गोल्डन टेंपल पहुंचे हैं। यहां से वे दुर्ग्याणा मंदिर और रामतीर्थ भी जाएंगे। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर ये 5 साल पूरे करेंगे और अगले 5 साल भी यही मुख्यमंत्री रहेंगे। केजरीवाल ने कहा कि हमें पंजाब में गरीबों की सेवा करनी है। लोगों को इंसाफ दिलाना है। नशा और भ्रष्टाचार खत्म करना है। इसके लिए हम गुरुओं का आशीर्वाद लेने आए हैं।

नशे व भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग जारी

सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग चल रही है। हमने 52 हजार नौकरियां दीं। अरविंद केजरीवाल ने जो गारंटियां दीं, उन्हें पूरा करने और रंगला पंजाब बनाने के लिए काम करते रहे, इसीलिए गुरुओं का आशीर्वाद लेने आए हैं।

3 साल में महिलाओं को 1 हजार रुपए नहीं दे पाई सरकार

आप ने साल 2022 में राज्य की 117 में से 92 सीटें जीतकर आप ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद भगवंत मान ने पंजाब में आप के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। चुनाव के वक्त आप ने पंजाबियों को कई गारंटियां दी थीं, जिनमें मुफ्त बिजली, नौकरी, भ्रष्टाचार मुक्ति और नशा खत्म करने के अलावा शिक्षा और सेहत को सुधारने के दावे थे। हालांकि, इन सबके बीच सबसे बड़ा मुद्दा 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को प्रति महीने 1000 रुपए देने का था। 3 साल बीत चुके और 2 साल ही बचे, लेकिन आप सरकार इसे शुरू नहीं कर पाई।

Leave a Comment