सीएम सैनी जल-विवाद पर पंजाब को हरियाणा का बड़ा भाई बता बोले, गुरु-परंपरा के मुताबिक प्यासे को पानी पिलाएं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

आप के साथ कांग्रेस पर भी जमकर हमले बोले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने

लुधियाना, 14 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इलजाम लगाया कि पंजाब की आप सरकार जल-विवाद पर बेवजह राजनीति कर रही है। साथ ही जज्बाती-लहजे में पंजाब सरकार पर तंज कसते कहा कि गुरु-परंपरा के मुताबिक प्यासे को पानी पिलाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पंजाब तो हरियाणा का बड़ा भाई है। हमारी राजधानी और विधानसभा भी एक हैं। फिर झगड़ा भला किस बात का है। लुधियाना वैस्ट के उप-चुनाव को लेकर कहा कि यह साल 2027 में होने वाले विधानसभा की मजबूत नींव है। पिछली और मौजूदा सरकार की बात करें तो कांग्रेस ने लोगों के साथ विश्वासघात किया और आम आदमी पार्टी ने तो उससे ज्यादा जनता से धोखा किया।

सैनी बोले कि कांग्रेस की गलत नीतियों से लोग तंग आ गए थे और उन्होंने इसीलिए आप की सरकार चुनी थी। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में दिल्ली की तरह ‘लूट की दुकान’ खोली, जो ईमानदारी की बात करते थे। दिल्ली जैसे ही हालात यहां बना दिए हैं। पंजाब की जनता इनकी नीतियों से तंग है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग 2027 में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ जाएंगे, लुधियाना के लोग भी यही करेंगे। यहीं से पूरे पंजाब व देश में लोग संदेश देंगे। पंजाब लगातार पीछे जा रहा है। जो लोग नशे से पैसा कमाने में लगे हैं, वो भला पंजाब से नशाखोरी कैसे खत्म करेंगे। आप सरकार तो कांग्रेस के भ्रष्टाचार के रास्ते पर दो कदम आगे चल रही है। पंजाब के लोग आप सरकार को चलता करेंगे। उन्होंने एमएसपी का हवाला देते इलजाम लगाया कि कांग्रेस की तरह आप भी किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है, आप ने तो उन पर लाठीचार्ज भी कराया। जबकि हरियाणा में किसानों को एमएसपी दी गई। सीएम सैनी ने कहा कि मोदी सरकार की सभी जनहित की योजनाएं हरियाणा में लागू की गईं हैं।

———-

 

 

Leave a Comment