45 दिन में मिलेंगी मंजूरी, सरकार बोली- अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे
पंजाब, 10 जून। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार का फोकस राज्य में निवेश को बढ़ावा देने पर है। सीएम भगवंत सिंह मान ने बड़ी कंपनियों को यहां लाने के लिए फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल शुभारंभ किया। इस मौके पर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे।
इस दौरान सीएम मान ने बताया कि इस पोर्टल से इंडस्ट्री से जुड़ी सारी मंजूरी 45 दिन में मिलेंगी। कहीं से भी बैठकर यह आवेदन हो सकेगा, सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मोहाली में इन्वेस्ट पंजाब नाम से एक दफ्तर पहले से तैयार है। अगर कोई व्यक्ति अपनी इंडस्ट्री स्थापित करना चाहता है तो उसे एक बार जमीन आदि देखकर पंजाब के दफ्तर में आवेदन करना होता है। उसके बाद सारी मंजूरियां 15 से 17 दिन में दिलाकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया होती है।
उन्होंने बताया कि इसी दफ्तर में रजिस्ट्री की सुविधा भी है। वहीं साइट पर सारी जानकारी अपडेट की जाती है। हालांकि अब ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा पहली बार शुरू हो रही है। इस दौरान कई तरह की मंजूरियां लेनी पड़ती हैं। पंजाब सरकार का दावा है कि राज्य में अब तक करीब 88 हजार करोड़ का निवेश उनकी सरकार आने के बाद हो चुका है। करीब 4 लाख लोगों को रोजगार मिला है। नई लॉजिस्टिक्स और लॉजिस्टिक्स पार्क नीति लागू की गई है। ग्रीन स्टांप पेपर व सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू किया गया है। इसके अलावा सरकार ने नियम आसान बनाए हैं। इससे राज्य में निवेश होगा।
———-