यात्रीगण ध्यान दें : किराया-शेड्यूल जारी, 72 मुसाफिर करेंगे यात्रा, दिखाएंगे हरी झंडी मुख्यमंत्री नायब सैनी
हरियाणा, 8 जून। सीएम नायब सिंह सैनी के दूसरे कार्यकाल में हिसार को बड़ी उपलब्धि मिली है। यहां के एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट सोमवार 9 जून से शुरू हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अलायंस एयर की एटीआर-72 सीटर फ्लाइट को हफ्ते में दो दिन उड़ान भरने का स्लॉट जारी कर दिया है। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर इसके लिए समारोह होगा। जिसमें चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को सीएम सैनी हरी झंडी दिखाएंगे। इस फ्लाइट में एक घंटे में हिसार से चंडीगढ़ की यात्रा पूरी होगी। पहली फ्लाइट सोमवार दोपहर बाद 3.20 बजे रवाना होगी और शाम 4.30 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं, वापसी की फ्लाइट हिसार से शाम 4.55 पर उड़ान भरेगी और शाम 5.55 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी।
अलायंस एयर इस मार्ग पर फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत बुकिंग कर रही है, जिसमें किराया 1449 रुपए से 1704 रुपए के बीच तय किया गया है। हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। सड़क के रास्ते चंडीगढ़ पहुंचने में जहां करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं, ट्रेन से यह सफर 7 घंटे का हो जाता है। हालांकि, अब हवाई मार्ग से यह समय काफी कम हो जाएगा। फ्लाइट से लगभग एक घंटा में ही यात्री चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे। यहां काबिलेजिक्र है कि हिसार से दिल्ली और अयोध्या के लिए फ्लाइट की शुरुआत 14 अप्रैल से हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया था।
———–