कांग्रेस के नए प्रभारी बघेल का पहला पंजाब दौरा, अमृतसर पहुंचे, नेताओं को एक मंच पर लाना टारगेट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

अमृतसर 28 फरवरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार प्रदेश के दौरे पर आ गए हैं। इस दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। अमृतसर पहुंचने पर पंजाब के सभी सीनियर नेताओं ने उनका स्वागत किया। रोड़ शो निकाला जा रहा है, जिसमें भुपेश बघेल का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। पिछले उपचुनाव और नगर निगम चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस 2027 में वापसी की उम्मीद कर रही है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि भूपेश बघेल का अमृतसर साहिब में कई जगहों पर स्वागत किया जाएगा। बघेल शुक्रवार को अमृतसर के बाद शनिवार को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। यहां वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

बघेल के सामने बड़ी जिम्मेदारियां

पार्टी के भीतर नवजोत सिंह सिद्धू, प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर रंधावा और चरणजीत सिंह चन्नी जैसे नेताओं को एक मंच पर लाना बघेल के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष खड़ा करने के लिए कांग्रेस को आंतरिक संघर्ष से उबरना होगा। 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को एक मजबूत रणनीति बनानी होगी ताकि पंजाब में पार्टी की स्थिति बेहतर हो सके। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता आलाकमान से नाराज हैं। बघेल को ऐसे नेताओं को समझाने और संगठन में सक्रिय भूमिका देने की रणनीति बनानी होगी।

Leave a Comment