चंडीगढ़ : बिजली महकमे के जेई ने चालान काटने की धमकी देकर मांगे दो लाख, विजिलेंस ने दबोचा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

बिजली ओवरलोडिंग के मामले में मनीमाजरा के उपभोक्ता को कर रहा था आरोपी ब्लैकमेल

चंडीगढ़ 27 फरवरी। यहां मनीमाजरा स्थित इलेक्ट्रिसिटी विभाग, सेक्टर-13 के जूनियर इंजीनियर सुखविंदर सिंह को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जेई ने मनीमाजरा की बैंक कॉलोनी में रहने वाले भरत कुमार के घर के बिजली मीटर का ओवरलोडिंग का 2 लाख का चालान काटने का डर दिखाकर उससे पैसे मांगे थे।

जानकारी के मुताबिक आरोपी जेई ने बाद में सौदा 80 हज़ार में तय कर लिया था। यह सब कुछ सीबीआई द्वारा दर्ज आरोपी जेई सुखविंदर सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर में हवाला है। शिकायतकर्ता भरत कुमार ने सीबीआई में शिकायत दी थी कि 19 फरवरी को जूनियर इंजीनियर सुखविंदर सिंह उनके घर आया और बिजली ओवरलोडिंग का चालान काट दिया। उसने धमकी दी कि अगर 1 लाख रुपये की रिश्वत नहीं दी गई तो 2 लाख का चालान काट दिया जाएगा।

शिकायतकर्ता ने कहा वो जेई से माफी मांग रहा था, लेकिन जेई एक लाख मांग रहा था। बाद में 80 हज़ार में सौदा तय हो गया, जिसमें से 50 हज़ार उसी दिन दे दिए गए। जबकि बचे 30 हज़ार एक हफ्ते में देने को कहा गया। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई अधिकारी सोनल मिश्रा ने जांच की और शिकायत को सही पाया। इसके बाद, 25 फरवरी को सीबीआई ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता भरत कुमार को रिश्वत की शेष राशि 30 हज़ार लेकर सुखविंदर सिंह से मिलने भेजा गया। बातचीत के दौरान सुखविंदर ने खुलकर रिश्वत की मांग की और पैसे लेने को तैयार हो गया।

बताते हैं कि आरोपी और शिकायतकर्ता की यह पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली गई। जैसे ही सुखविंदर ने पैसे स्वीकार किए, सीबीआई ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई ने सुखविंदर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, के तहत मामला दर्ज कर लिया।

—————-

Leave a Comment