कांग्रेस के दिग्गज आशु के नजदीकियों के लिए पैदा कर दिया सबसे बड़ा धर्म-संकट !
लुधियाना 25 फरवरी। पंजाब की राजनीति का केंद्र कहलाने वाली इंडस्ट्रियल-सिटी लुधियाना में एक बार फिर सियासी-माहौल गर्मा गया है। लुधियाना वैस्ट हल्के से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद इस सीट पर उप चुनाव होने हैं। इसी सीट से दो बार विधायक रहे भारत भूषण आशु कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे। गोगी ने उनको पिछले विधानसभा चुनाव में शिकस्त दी थी। अब गोगी के निधन के बाद आशु को फिर से इस सीट पर विस उप चुनाव में सशक्त दावेदार माना जा रहा है।
हालांकि जानकारों की मानें तो आप ने रास सांसद संजीव अरोड़ा को इस सीट से उप चुनाव लड़ाने का फैसला कर बड़ा सियासी-दांव चल दिया है। दरअसल पूर्व मंत्री आशु से तुलना करें तो अरोड़ा उद्यमियों के इस शहर में अपनी खास पहचान बना चुके हैं। लुधियाना वैस्ट हल्के में कभी गोगी ने भी यहां रहने वाले उद्यमी-वोटरों के जरिए ही आशु को शिकस्त दी थी, ऐसमा माना जाता है। अब सांसद अरोड़ा इसी हल्के ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में उद्यमियों के बीच खासा रसूख बना चुके हैं।
आशु के नजदीकी क्या करेंगे ?
इतना ही नहीं, सांसद अरोड़ा के चुनाव लड़ने की चर्चा से आशु समर्थक भी धर्म-संकट में बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे चर्चित नाम कांग्रेसी कौंसलर के पति व आशु के नजदीकी सन्नी भल्ला का है। वह जितने आशु के करीबी हैं, उतनी ही उनकी नजदीकियां अरोड़ा से बताई जाती हैं। दूसरा बड़ा नाम उद्यमी हेमंत सूद का माना जाता है। जो लंबे वक्त आशु के नजदीकी रहे, लेकिन सांसद अरोड़ा से भी उनकी कारोबारी-सांझ होने के कारण वह पसोपेश में रहेंगे। इनके अलावा नामी प्रोपर्टी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल भी जितने आशु के करीबी हैं, उनकी नजदीकियां सांसद अरोड़ा भी उतनी ही मानी जाती हैं। इनसे इतर, लुधियाना वैस्ट के कई कौंसलर भी सांसद अरोड़ा के लिए ‘सॉफ्ट-कॉर्नर’ रखते हैं।
————