हरियाणा के ग्रीनफील्ड हाईवे की टेंपरेरी सड़क अब बंद, गूगल-मैप के चलते लोग 10 किमी भटक रहे
हरियाणा 24 फरवरी। बेशक हम कितने भी हाई-टेक हो जाएं, लेकिन जमीन से जुड़ा रहना ही पड़ेगा। जी हां, एक बार फिर गूगल-मैप के सहारे सड़क मार्ग से गुजर रहे लोगों को हरियाणा में जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड हाईवे पर भटकना पड़ रहा है।
दरअसल गूगल मैप जहां इसमें सोनीपत से जाते वक्त लेफ्ट टर्न दिखा रहा है, वहां रोड की जगह गड्ढा बना हुआ है। दिन के वक्त तो लोग इसे देख सकते हैं, लेकिन रात में एक्सिडेंट होने का खतरा बना है। जब हाईवे बन रहा था तो यहां टेंपरेरी रास्ता दिया गया था। जिसे हाईवे आथोरिटी ने दो महीने पहले काम शुरू होते ही बंद कर दिया गया। हालांकि गूगल मैप में यह अभी तक अपडेट नहीं हुआ। पहले यह टेंपरेरी रास्ता सोनीपत से जाते वक्त ओल्ड गोहाना रोड, लुदाना गांव के अलावा नेशनल हाईवे-152-डी और दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर चढ़ने के लिए इस्तेमाल हो रहा था। अब इसी चक्कर में लोगों को परेशानी हो रही है।
ऐसे भटक रहे हैं लोग : ग्रीनफील्ड हाईवे पर टोल प्लाजा से 10 किलोमीटर सोनीपत की तरफ गूगल मैप हाईवे से नीचे उतरने और स्टेट हाईवे पर इंटरचेंज के लिए रास्ता दिखा रहा है। जबकि मौजूदा वक्त यहां कोई रास्ता नहीं है। इस रास्ते पर सफर करने वाले लोगों को दिन के समय तो रास्ता बंद दिख जाता है, लेकिन रात में गूगल मैप किसी को भी हाईवे से नीचे गड्ढे में गिरा सकता है। इससे कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। ग्रीनफील्ड हाईवे बनने के बाद अब असल में यह रास्ता टोल प्लाजा के बाद है। जो जींद शहर में बना हुआ है। इस बारे में जींद में रोड सेफ्टी कमेटी के गैर-सरकारी सदस्य सुनील वशिष्ठ के मुताबिक लोगों की सुविधा को देखते हुए बैठक में इस मुद्दे को उठाया जाएगा। वहीं, जींद के प्रशासन के नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को कहा जाएगा, ताकि इसका समाधान किया जा सके।
कैसे गलत हो सकता है गूगल मैप :
साइबर एक्सपर्ट के अनुसार आमतौर पर गूगल मैप गलत रास्ता नहीं दिखाता है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में रास्ते को लेकर गलत जानकारी आपकी डिजिटल स्क्रीन पर शो हो सकती है। साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, गूगल मैप पर आंखें बंद कर भरोसा करना सही नहीं है। कई बार मैप किन्हीं कारणों से गलत रास्ता दिखा सकता है। जैसे कि अगर कोई नई सड़क बनाई गई है, जो गूगल मैप पर अपडेटेड नहीं है तो यह गलत जानकारी दे सकता है। भारी बारिश, आंधी या तूफान के चलते रास्ता बंद हो जाता है। ऐसी स्थिति में भी गूगल मैप गलत जानकारी दे सकता है। गूगल मैप जीपीएस सिग्नल के जरिए काम करता है। अगर किसी जगह पर नेटवर्क नहीं है तो भी यह गलत जानकारी दे सकता है।
————–