लुधियाना में सांसद अरोड़ा ने विद्यार्थियों से की बातचीत, बांटीं उनको यूनिफॉर्म

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लुधियाना, 17 मई। राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने शनिवार को लुधियाना के सराभा नगर स्थित सरकारी हाई स्कूल में विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म बांटीं। यह कार्यक्रम पंजाब सरकार की मुहिम ‘पहल’ के तहत रखा गया था।

लुधियाना वैस्ट हल्के से उप चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एमपी अरोड़ा ने समारोह को संबोधित किया। उन्होंने इस परियोजना के दोहरे उद्देश्य समझाते कहा, यह मुहिम शिक्षा के साथ महिला सशक्तिकरण की भी समर्थक है। इसके तहत सेल्फ हेल्प ग्रुप्स से जुड़ी वंचित महिलाओं को स्कूल यूनिफॉर्म सिलने का काम सौंपा गया है। यह पहल ना केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करती है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करती है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मुफ्त में गुणवत्तापूर्ण यूनिफॉर्म मिले।

अरोड़ा ने बताया कि यह परियोजना पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पहल पर शुरू की गई थी। जिन्होंने ऐसे मॉडल की कल्पना की थी, जहां एक ही कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और महिलाओं दोनों का कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा, पहल समावेशी विकास की दिशा में एक सोची-समझी पहल है। जहां बच्चे अपनी नई वर्दी में प्रोत्साहित और आत्मविश्वास महसूस करते हैं। वहीं एसएचजी महिलाएं सार्थक काम के माध्यम से आर्थिक स्वतंत्रता प्राप्त करती हैं।

सांसद ने आगे कहा कि यह पहल लुधियाना (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल 31 सरकारी स्कूलों को कवर करेगी। इस वितरण अभियान से लगभग 7,500 छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बाद में मीडिया से बातचीत में अरोड़ा ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते कहा कि सभी पात्र स्कूली बच्चों को वर्दी का वितरण अगले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और नई वर्दी पाकर उनके उत्साह को देखकर अपनी खुशी साझा की। कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल को इसके समुदाय-केंद्रित दृष्टिकोण और शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को एक साथ बढ़ावा देने में इसकी भूमिका के लिए व्यापक रूप से सराहा गया।

———–

Leave a Comment