हिसार स्थित रायपुर स्टेशन से मिलेगी ट्रेन की सुविधा
हरियाणा, 17 मई। हिसार जिले 59 साल बाद ट्रेन के माध्यम से सीधे चंडीगढ़ को जोड़ने का सपना साकार हो गया है। हरियाणा राज्य बनने के बाद से ही हिसार से चंडीगढ़ सीधी रेल सेवा की मांग होती रही थी।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात से शुरु इस ट्रेन में यात्री केवल 60 रुपये में चंडीगढ़ तक सफर कर सकेंगे। यह ट्रेन हिसार के सैक्टर 1-4 के पास स्थित रायपुर स्टेशन से चालू की गई है। शनिवार आधी रात के बाद 1.05 बजे ट्रेन रायपुर पहुंचेगी। यहां 1 घंटा 20 मिनट ठहराव के बाद रात 2.25 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से होते हुए फिर हिमाचल प्रदेश के अंब अंदोरा जाएगी। ट्रेन करीब 288 किलोमीटर चलकर सुबह 9 बजे चंडीगढ़ पहुंचनी है।
दूसरी ट्रेन गुरुग्राम के लिए चलेगी :
जानकारी के मुताबिक सातरोड से गुरुग्राम के लिए भी शनिवार से सीधी ट्रेन शुरु की गई है। यह ट्रेन संख्या 64563-64 अंब अंदोरा-अंबाला कैंट वाया चंडीगढ़ मेमु ट्रेन को अब फास्ट मेमु ट्रेन के रूप में हिसार के रायपुर तक चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 64564 अंब-अंदोरा-अंबाला से दोपहर बाद 3 बजे चलकर अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र जंक्शन, कैथल, नरवाना, जाखल, उकलाना और बरवाला होते हुए रात 1.05 बजे रायपुर पहुंचा करेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन संख्या 64563 आधी रात के बाद 2.25 बजे रायपुर-हिसार से चलकर सुबह 7.20 बजे अंबाला कैंट और 12.40 बजे अंब अंदोरा पहुंचेंगी।
गुरुग्राम ,दिल्ली के लिए भी अतिरिक्त ट्रेन मिलीं :
सातरोड से गुरुग्राम चलने वाली ट्रेन दोपहर 1.35 बजे पहुंचेगी। वहीं, दिल्ली से रेवाड़ी के बीच वाया गुरुग्राम चलने वाली ट्रेन संख्या 54085-86 को फास्ट पैसेंजर ट्रेन के रूप में विस्तार देते हुए हिसार के सातरोड तक चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 54085 दिल्ली से सुबह 7 बजे चलकर 9.40 बजे रेवाड़ी और दोपहर 1.35 बजे सातरोड पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन संख्या 54086 सातरोड से दोपहर बाद 2.10 बजे चलकर शाम 5.30 बजे रेवाड़ी और रात 9 बजे हिसार पहुंचेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटुसाना, कोसली, झारली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानीखेड़ा व हांसी होते हुए सातरोड पहुंचेगी।
—-