कांग्रेस प्रदेश प्रधान का आरोप, कौंसलर पर ट्रेवल एजेंट के तौर पर फर्जीवाड़े के इलजाम, पुलिस सियासी दबाव में
लुधियाना 19 फरवरी। मुल्लांपुर नगर कौंसिल में कांग्रेस ने अपना प्रधान बना लिया है। इसी दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मुल्लांपुर पहुंचे। जहां ट्रेवल एजेंट के तौर पर फर्जीवाड़े के आरोपी कौंसलर को लेकर उनकी डीएसपी के साथ उनकी झड़प हो गई।
आप छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए पार्षद अमनदीप पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने को लेकर राजा वड़िंग की आज डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा के साथ खूब बहसबाजी हुई। चुनाव से पहले अमनदीप पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी की एक शिकायत मुल्लांपुर पुलिस को मिली थी। पुलिस ने चुनाव से पहले अमनदीप पर मामला दर्ज कर दिया। अमनदीप पर 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
कांग्रेस प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग ने कहा कि अमनदीप पर चुनाव से एक दिन पहले पुलिस ने फर्जी पर्चा दर्ज किया है, जो कि सियासी दबाव की निशानी है। पुलिस सरकार के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस की हर बात को मानते हैं, लेकिन चुनाव से एक रात पहले ही मामले की पूरी जांच कैसे हो गई और तुरंत मामला भी दर्ज हो गया।
उन्होंने कहा कि वह डीएसपी खोसा की खुद जिम्मेदारी लेते रहे हैं कि वह किसी के साथ धक्केशाही या गलत पर्चा दर्ज नहीं कर सकते, आज उन्हें ठेस पहुंची है। आज पुलिस के अधिकारियों ने सरकार के आगे समर्पण किया हुआ है।
उधर, डीएसपी खोसा ने कहा कि अमनदीप के पास विदेश भेजने का कोई लाइसेंस नहीं है। अमनदीप के केस का नगर कौंसिल चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।
———–