लुधियाना 16 मई। लाडोवाल इलाके के गांव चाहर में एक 12वीं के स्टूडेंट ने पेपरों में नंबर कम आने से परेशान होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान जरनैल सिंह (17) के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने पर थाना लाडोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दी है। परिवार के मुताबिक जरनैल सिंह ने पंजाब शिक्षा बोर्ड में 12वीं की परीक्षा दी थी। कम नंबर आने की वजह से वह कक्षा में फेल हो गया था। जानकारी देते हुए एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि जरनैल सिंह गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ता था। पंजाब शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया है। लेकिन जरनैल तीन पेपर में फेल हो गया था। जरनैल सिंह के पिता गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी हैं। परिवार में उनके दो बेटे राजविंदर सिंह जरनैल थे। रात को उसने परिवार से कहा कि वह सोने के लिए छत पर जा रहा है। जब वह शुक्रवार सुबह 8 बजे तक नीचे नहीं आया तो परिवार उसे देखने गया। यहां उसने लोहे के एंगल पर परना बांधकर फंदा लगा रखा था। जरनैल को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
