लुधियाना 14 फरवरी। लुधियाना शहर के नामी साइकिल एक्सपोर्टर के यहां ईडी (इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट) की टीम जांच करने के लिए पहुंची। बताया जा रहा है यह टीम दिल्ली से आई थी। इस जांच को इतना गोपनीय रखा गया कि पंजाब के ईडी विभाग को भी इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। इस जांच के दौरान दिल्ली ईडी की टीम द्वारा साइकिल एक्सपोर्टर से लंबी पूछताछ की गई। चर्चा है कि यह टीमें वीरवार सुबह शहर पहुंची थी। यह जांच काफी लंबी चली, जो कि रात करीब 11 बजे खत्म हुई। जांच पूरी होने के बाद टीमें वहां से वापिस दिल्ली के लिए रवाना हो गई। चर्चा है कि यह मामला साऊदी अरब से हुई मनी ट्रांजेक्शन से जुड़ा हुआ है। ईडी द्वारा साऊदी अरब से हुई मनी ट्रांसफर मामलों को लेकर लगातार जांच की जा रही है। इसी जांच के तहत टीम लुधियाना पहुंची थी। हांलिक ईडी के अधिकारियों की और से इस मामले की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
2019 में ट्रांसफर हुए तीन लाख डालर
चर्चा है कि साऊदी अरब से 2019 में मनी ट्रांसफर हुई। यह ट्रांजेक्शन एक मनी ट्रांसफर एजेंट द्वारा की गई थी। इस दौरान करीब तीन लाख डालर ट्रांसफर किए गए हैं। चर्चा है कि उक्त एजेंट द्वारा कई आतंकी ग्रुपों को भी पेमेंट ट्रांसफर की गई है। जिसकी जानकारी ईडी को मिली थी। जिसके चलते ईडी द्वारा जिन लोगों को ज्यादा संख्या में पेमेंट ट्रांसफर हुई, उनकी जांच की जा रही है। जिसमें कई लोगों के नाम सामने आए। जिसके तहत ईडी लगातार इन्वेस्टिगेशन कर रही है।
साइकिल पॉट्स कंपनी का कई देशों में एक्सपोर्ट का बड़ा कारोबार
जानकारी के अनुसार लुधियाना की साइकिल पॉट्स बनाने वाली कंपनी का साउथ अफ्रीका में एक्सपोर्ट का बड़ा कारोबार है। यहीं नहीं उनका कई देशों में एक्सपोर्ट का बिजनेस है। जिसके चलते उन्हें कई देशों से बड़ी संख्या में पेमेंट आती है। इसी कारण ईडी की और से उन्हें रडार पर रखा गया है। लेकिन उक्त कंपनी का साऊदी अरब के एजेंट से लेनदेन था या नहीं इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चल सका है।
कई दस्तावेज कब्जे में लिए
ईडी की और से इन्वेस्टिगेशन के दौरान एक्सपोर्ट कंपनी के दस्तावेज चैक किए। वहीं उनके बैंक खातों की भी जांच की गई है। ईडी की और से कंपनी के पदाधिकारियों से भी पूछताछ की है। जिसके चलते काफी लंबे समय तक यह कार्रवाई जारी रही। हालांकि टीम द्वारा एक्सपोर्ट कंपनी के दस्तावेज भी चैकिंग के लिए कब्जे में लिए हैं।