कई पालिका कर्मचारी मिले गायब, रिकॉर्ड खंगाला, टिपर में कूड़ा-कर्कट का वजन भी किया चैक
कुरुक्षेत्र 13 फरवरी। यहां शाहाबाद में सीएम फ्लाइंग की टीम ने नगर पालिका कार्यालय में रेड की। इससे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। टीम ने आते ही कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताते हैं कि सूचना पाकर सीट से गायब कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुबह सीएम फ्लाइंग टीम ने शाहाबाद नगर पालिका कार्यालय में दस्तक दी। हाजिरी रजिस्टर के साथ शहर के विकास से जुड़ी योजनाओं समेत अन्य रिकॉर्ड कब्जे में लिया। काफी समय तक टीम रिकॉर्ड और कार्यालय में आईं शिकायतों की जांच करती रही। शहर में पालिका की ओर से चल रहे सड़कें, पार्क और कॉलोनी में विकास कार्यों के रिकॉर्ड भी खंगाला गया।
सुबह के समय के कई कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं थे। पूछताछ में सामने आया कि उनकी इलेक्शन में ड्यूटी लगी हुई है। टीम इसकी जांच भी करेगी कि किन कर्मचारियों की इलेक्शन में ड्यूटी लगी है। कोई ऐसा कर्मचारी तो नहीं है, जो इलेक्शन के बहाने ड्यूटी पर नहीं आया है। टीम ने कूड़ा-कर्कट वाले टिपर की भी जांच की है। उनका वजन दोबारा से चैक किया गया।
————–