पुलिस ने 60 पासपोर्ट और लाखों रुपये किए जब्त, कई आरोपी कंपनी संचालक काबू, 10 से ज्यादा केस दर्ज
चंडीगढ़ 13 फरवरी। विदेश जाने के चाहवान लोगों को ठगने वाली अवैध इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस टीमों ने 60 पासपोर्ट, 2.60 लाख रुपए नकदी और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 10 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं। थाना तीन में माइलस्टोन इमिग्रेशन की मालिक अनु ठाकुर और ग्रीनलैंड ओवरसीज कंसल्टेंसी की मालिक अल्का ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह थाना सैक्टर 17 में तीन मामले दर्ज किए गए। जिनमें राज कुमार, सागर सिंह और गगनदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जबकि थाना-19 में कैलगिरी ओवरसीज के मालिक हरदीप को गिरफ्तार कर लैपटॉप और दस्तावेज जब्त किए गए। थाना-31 में रूपिंदर और मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा गया। थाना-34 में विकास मल्होत्रा, विकास बत्रा और विनय चौधरी के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। उधर, पुलिस ने मालोया थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए सत्यम इमिग्रेशन सर्विसेज के मालिक राजवीर सिंह और सत्यम भटनागर के यहां से 60 पासपोर्ट, 2.60 लाख रुपए और एक सीपीयू जब्त किया गया। सभी आरोपी कंपनियां बिना वैध अनुमति के विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर लोगों को ठग रही थीं।
————–