बीजेपी आफिस घेरने जा रहे कांग्रेसियों पर पानी की बौछार, पुलिस ने युवा कांग्रेस के नेता किए अरेस्ट
चंडीगढ़ 9 फरवरी। बढ़ती महंगाई को लेकर चंडीगढ़ में कांग्रेसी कार्यकर्ता ने केंद्र सरकार के खिलाफ रोष मुजाहिरा किया। कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए सैक्टर- 33 कमलम् भाजपा मुख्यालय की तरफ कूच कर रहे थे। उनको रोकने के लिए लाठीचार्ज करते हुए पानी की बौछार की। इस दौरान पुलिस ने कई कांग्रेसी को अरेस्ट भी किया।
जानकारी के मुताबिक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक लुभाना और उपाध्यक्ष सचिन गालव दोनों को अरेस्ट कर पुलिस सैक्टर 36 थाने ले गई। माहौल तब गर्माया, जब प्रदर्शनकारी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कांग्रेसियों की भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज के साथ वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कांग्रेस यूथ के नेता सचिन गालव को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद कांग्रेस के नेता वहीं सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
कांग्रेसियों का कहना था कि तीन बड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस भाजपा के कमलम् के ऑफिस की तरफ प्रोटेस्ट मार्च कर रहे थे। चंडीगढ में मंहगाई पहला मुद्दा है, दूसरा मुद्दा मालिकाना हक को लेकर है और तीसरा मुद्दा विदेश से हथकड़ी में लाए गए भारतीयों का, जिनको डिपोर्ट किया गया। कांग्रेसी नेता एचएस लक्की, गुरप्रीत गाबी, जसबीर सिंह बंटी और तरुणा मेहता की अगुवाई में वर्कर कांग्रेस भवन से बीजेपी आफिस रोष प्रदर्शन करते हुए जा रहे थे। पुलिस ने उनको हिंसक तरीके से रोकने का प्रयास किया।