जालंधर 7 फरवरी। अमेरिका से डिपोर्ट हुए भारतीयों को हथकड़ियां पहनाकर भारत भेजने पर जालंधर के व्यस्त प्रेस क्लब चौक में भारतीय किसान यूनियन राजेवाल द्वारा केंद्र सरकार और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी मात्रा में किसान इकट्ठा हुए। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि भारत में बेरोजगारी बढ़ रही है। युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है। जिसके चलते बच्चों ने विदेश का रुख करना शुरू किया। इस पर केंद्र ने ध्यान नहीं दिया। इसका फायदा पंजाब में बैठे गैर कानूनी ट्रैवल एजेंटों ने उठाया और शरीफ लोगों ने लुभाना शुरू कर दिया और ऐसा बहुत दिनों से चल रहा है।
बच्चों को 40 घंटे हथकड़ियों में रखा गया
राजेवाल ने कहा कि अब जब अमेरिका ने अवैध रूप से विदेश गए भारतीयों को देश भेजना शुरू किया तो नेता तरह तरह की बातें कर रहे हैं। हमारी चिंता है कि भारतीयों को हथकड़ियां पहनाकर ऐसे भेजना गलत था। 40 घंटों तक ऐसा किया गया, ये इंसानियत नहीं है। अमेरिका सरकार द्वारा किया गया ऐसा व्यवहार बिल्कुल अपमानजनक था। इसलिए आज हमें राष्ट्रपति ट्रंप का पुतला जलाने के लिए पहुंच हैं। बलबीर सिंह राजेवाल ने आगे कहा- अभी तो और हमारे लोग आएंगे। भारत सरकार इस बात पर क्यों नहीं कुछ बोलती कि पकड़े गए भारतीयों को वहां पर भारतीय एंबेसी के जरिए भेजा जाए।
दिल्ली चुनाव में आप की हार करनी का भुगतान
दिल्ली चुनाव पर बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा- हमारे लिए सब एक जैसे ही हैं। फिर चाहे वो आम आदमी पार्टी है या फिर बीजेपी। दोनों पहले शराब पिलाते हैं और फिर लोगों की वोटें खरीदते है। आम आदमी पार्टी का दिल्ली चुनाव में ऐसा हाल सिर्फ उसकी करनी वजह से हुआ है।