टोहाना 4 मई। फतेहाबाद में टोहाना में पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान दो महिलाओं को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। चरणजीत कौर और हरपाल कौर के पास से 17 किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई है। इस चरस की कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई है। डीएसपी उमेद सिंह के अनुसार, शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और चौकी इंचार्ज पवन कुमार की टीम बाबा बूटा बस्ती में सर्च अभियान चला रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि ये महिलाएं अपने घर से नशीले पदार्थ बेच रही हैं। जांच के दौरान पुलिस ने उनके घर से चरस बरामद की। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों महिलाएं घर में ग्राहकों को बुलाकर नशीले पदार्थ बेचती थीं। हरपाल कौर के पति जोगिंदर पर 22 और बेटे कुलदीप पर 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों वर्तमान में जेल में बंद हैं।
दोनों महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि वे नशीले पदार्थ कहां से लाती थीं। दोनों आरोपी महिलाओं को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया कि जिला पुलिस कप्तान सिद्धांत जैन के निर्देशन में उनकी टीम द्वारा लगातार नशा तस्करों और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है