शादी से लौट रहे थे दोनों युवक, मुरथल में ढाबे पर रुके, वॉशरूम के सामने हमलावरों से हो गया था विवाद
सोनीपत 5 फरवरी। यहां मुरथल स्थित मशहूर सुखदेव ढाबे पर देर रात को खाना खाने आए युवकों का कुछ लोगों से विवाद हो गया। उन्होंने दोनों युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की शिनाख्त हो सके। घटना चार फरवरी की रात की है। जब सोनीपत के पिनाना गांव निवासी सागर अपने दोस्तों कपिल, रितेश, अंकित और सोनू के साथ ढाबे पर खाना खाने आया था। वे सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इस दौरान सागर और रितेश अपने दोस्तों के साथ खाना ऑर्डर करने के बाद ढाबे के सामने फोटो खींच रहे थे।
बताते हैं कि कुछ देर बाद जब वे बाथरूम गए तो वहां पहले से ही 5-6 युवक मौजूद थे। गलती से टक्कर लगने के कारण मामूली बात पर कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने से बचाने के लिए वे ढाबे के बाहर पहुंचे, लेकिन वहां खड़े दो लड़के फिर से बहस करने लगे। इसी बीच कुछ अन्य युवक भी आ गए और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में सागर उर्फ हैप्पी और कपिल पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। सागर के कमर, चेहरे और हाथ पर चोटें आईं। जबकि कपिल के भी कई जगह चाकू से गहरे जख्म हो गए।
ढाबे पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों युवकों को बचाया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद कपिल और सागर को उपचार के लिए बीपीएस खानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से कपिल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
———–