मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ चंडीगढ़ में निकाले गए पैदल मार्च में की शिरकत
चंडीगढ़, 3 मई – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के विजन में युवाओं की अहम भूमिका होगी। इसके लिए युवाओं को नशे से दूर रहना होगा। स्वस्थ युवा ऊर्जा के साथ विकसित भारत बनाए जाने के सपने को साकार करने में विशेष योगदान दें पाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में नशे के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में नशे के खिलाफ पैदल मार्च निकाला गया। जिसमें ट्राई सिटी के युवाओं व उनके अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मार्च के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब एक बार युवा कुछ कर गुजरने की ठान लेते हैं, तो वे उसे पूरा करके ही दम लेते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं का जोश इस बात को दर्शाता है कि वे विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं। संदेश यहीं है कि नशा पूर्णतः खत्म हो। उन्होंने कहा कि सिटी ब्य़ूटीफूल चंडीगढ़ में नशे रूपी कुरीति की कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी सरकार ने नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान चला रखे है, इस अभियानों को आमजन का खूब समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए योगदान दें। नशे के खिलाफ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक सामूहिक संकल्प है, जो हमारे समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने का, हमारी युवा पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य देने का और अपने देश को स्वस्थ और विकसित बनाने का है।
नशे के खिलाफ पैदल मार्च में पंजाब के राज्यपाल व केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान सहित कई राजनेताओं ने भाग लिया।