भाजपा ने पंजाब सरकार को घेरते हुए चेतावनी दी, पानी हरियाणा को गया तो संघर्ष होगा तेज
लुधियाना, 2 मई। सतलुज यमुना लिंक नहर विवाद एक बार फिर गर्मा गया है। ऐसे में पंजाब और हरियाणा में सियासी-हलचल तेज हो चुकी है। शुक्रवार को यहां भारत नगर चौक के पास फिरोजपुर रोड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का पुतला फूंका।
भाजपा ने एसवाईएल मुद्दे पर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान बीजेपी के प्रांतीय कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी और प्रांतीय महासचिव अनिल सरीन की खास मौजूदगी रही। बीजेपी नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार लगातार प्रदेश के हितों के साथ विश्वासघात कर रही है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल इस मुद्दे पर पंजाब में एक बयान देते हैं और हरियाणा व दिल्ली में दूसरा बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की लापरवाही से पानी हरियाणा में जा रहा है। पंजाब सरकार के मंत्री बिना तैयारी के बैठक में शामिल होते हैं, नतीजतन वे पंजाब के मुद्दे सही ढंग से नहीं रख पाते हैं। पंजाब में आप सरकार लाने से जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब का पानी बाहर नहीं जाने देगी और राज्य के हितों की रक्षा के लिए हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी। अगर पानी हरियाणा को चला गया तो आने वाले दिनों में यह संघर्ष और तेज होगा।
————-