प्रोपर्टी डीलर आरोपी मुस्तकीम के दफ्तर में काम करती थी पीड़िता
चंडीगढ़, 24 अप्रैल। यहां प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव मुस्तकीम खान के खिलाफ नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस स्टेशन-34 की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, फिर उसे न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी मुस्तकीम खान प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। पीड़ित लड़की उसके ऑफिस में चपरासी बतौर पर काम करती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया और किसी को बताने पर धमकी दी। डर के कारण लड़की ने कुछ समय तक किसी को नहीं बताया, लेकिन बाद में उसका व्यवहार बदलने पर मां ने उससे पूछताछ की।
मां के बार-बार पूछने पर लड़की ने बताया कि ऑफिस में काम करते समय मुस्तकीम खान ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित परिवार ने बुड़ैल पुलिस चौकी में शिकायत दी तो मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
वहीं, इस मुद्दे पर चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि जब से वे अध्यक्ष बने हैं, उन्होंने मुस्तकीम खान को किसी भी कार्यक्रम में नहीं देखा। वह पहले ही कांग्रेस छोड़ चुका है, पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। दूसरी तरफ पुरानी तस्वीर में एक मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष लक्की के साथ आरोपी मुस्तकीम खान बैठा है। तब उन्होंने मुस्तकीम को आम आदमी पार्टी से कांग्रेस में शामिल कर पार्टी की सदस्यता दिलाई थी।
————–