मनीमाजरा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन: तीन गुना प्रॉपर्टी टैक्स और बढ़े कलेक्टर रेट्स के खिलाफ फूटा जनाक्रोश
नवीन गोगना
चंडीगढ़/मनीमाजरा, 20 अप्रैल : चंडीगढ़ प्रशासन और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ रविवार को कांग्रेस पार्टी ने मनीमाजरा हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट पर जोरदार प्रदर्शन किया। बिजली विभाग के निजीकरण, बढ़ी हुई बिजली-पानी दरों, तीन गुना किए गए प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट्स के विरोध में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लो ने किया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने विशेष रूप से शिरकत की। प्रदर्शन का आयोजन पार्षद दर्शना रानी, मनीमाजरा ब्लॉक अध्यक्ष संजीव गाबा, प्रदेश सचिव के.आर. महाजन और कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह नन्दी ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने “तीन गुना टैक्स नहीं चलेगा”, “प्रॉपर्टी टैक्स की लूट बंद करो”, “भाजपा आई, टैक्स लाई” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के सभी पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं ने जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया।
प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा,
“भाजपा प्रशासन गरीब और मध्यम वर्ग को खत्म करने की साजिश कर रहा है। अगर ये फैसले वापस नहीं लिए गए, तो हर गली और चौराहा जनआंदोलन का गवाह बनेगा।”
जिला अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लो ने कहा,
“भाजपा ने जनता के साथ धोखा किया है। महंगाई, बेरोजगारी और अब टैक्सों की मार – यह सब चंडीगढ़ की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।”
ब्लॉक अध्यक्ष संजीव गाबा ने भाजपा-प्रशासन को आड़े हाथ लेते हुए कहा,
“यह लूट की नीति है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। जनता के अधिकारों के लिए हम सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे।”
लोकसभा सांसद मनीष तिवारी पहले ही इन मुद्दों को संसद में उठाकर जनता की आवाज बन चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस हर उस फैसले का विरोध करेगी जो आम जनता के हितों के खिलाफ है।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख नेता और कार्यकर्ता:
पार्षद दर्शना रानी, वरिष्ठ उपमहापौर जसबीर बंटी, डिप्टी मेयर तरुणा मेहता, सचिन गालव, यादविंदर मेहता, पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, राजनीतिक सचिव नरेंद्र नन्दी, प्रदेश सचिव के.आर. महाजन, शाम सिंह, फतेह सिंह, अभिजीत सैनी, अंशुल गाबा, अमन मोन, मनोज लुबना, मलकीत सिंह, गुरदर्शन सिंह, हरिश कुमार, विजय सूद, मुकेश राय, कंचन, रामप्रकाश चौधरी, आर.पी. शर्मा, मीना दुग्गल, निखिल कौशल, जगदीप शर्मा, कृष्ण सचदेवा, कमलजीत सिंह बिल्ला, उर्वशी शर्मा, गायत्री देवी, सरोज माथुर, हरमन ढिल्लो सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस ने ऐलान किया है कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक जनता पर थोपी गई टैक्स तानाशाही को खत्म नहीं किया जाता। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अपने फैसले वापस नहीं लिए, तो यह आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।