स्टूडेंट्स को देशभक्ति और अनुशासन जरुर सिखाएं : एमपी अरोड़ा
लुधियाना, 12 अप्रैल। संविधान निर्माता डॉ.बीआर अंबेडकर की दिखाई राह पर चलते हुए नोबल फाउंडेश मां शारदा विद्यापीठ के नाम से 30 स्कूल चला रही है। जिसमें हजारों जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जाती है। संस्था विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूल-बैग, किताबें और वर्दियां मुहैया कराती हैं। डॉ.अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को संस्था की फोकल प्वाइंट शाखा में विशेष समागम कराया गया।
सनातन धर्म मंदिर में संचालित इस संस्था में बैग और बुक्स का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परनीत सचदेव, पूर्व आईआरएस प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर इनकम टैक्स व अध्यक्ष रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी, हरियाणा द्वारा की गई। समारोह मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने दीप प्रज्वलन किया।
विशिष्ट अतिथियों में राजेंद्र पाहवा-प्रधान सनातन धर्म मंदिर, फोकल प्वाइंट, सुमन पाहवा, ललित सचदेवा, प्रिया सचदेवा, राधिका जेतवानी, विजय जेतवानी, एडवोकेट देसराज, एडवोकेट गुरतेज, एडवोकेट जगदीश, पूजा विर्क व गुरजीत विर्क रहे। विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में कई विषयों पर भाषण दिए। साथ ही देशभक्ति के गाने पर डांस कर अपनी भावना उजागर कीं।
फाउंडेशन में पढ़ रहे करीब 5000 विद्यार्थियों को बैग और किताबें वितरण की गईं। एमपी अरोड़ा ने एडवोकेट देसराज को संविधान की प्रति देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ ही अनुशासन में रहना और देश के प्रति अपना फर्ज निभाने की जिम्मेदारी अवश्य सिखाई जानी चाहिए। संस्था की अध्यापिकाओं आरती गुप्ता, सोनी, रीता देवी, मनप्रीत कौर, पूजा अरोड़ा और खुशबू ने कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई। मंच संचालन संस्था की को-ऑर्डिनेटर मीनाक्षी शर्मा ने किया। संस्था के फाउंडर राजेंदर शर्मा ने मेहमानों को सम्मानित किया।
————-