लुधियाना वैस्ट विस उप-चुनाव में हर पल बढ़ रहा सियासी-तनाव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

 

लुधियाना, 11 अप्रैल। फिलहाल मौसमी-तापमान एकाएक बढ़ने के साथ ही लुधियाना में सियासी-माहौल भी गर्म है। दरअसल लुधियाना वैस्ट विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद उप चुनाव होने हैं। आप ने अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस से सूबे के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु पार्टी उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं। हालांकि राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद बीजेपी ने फिलहाल तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। वहीं, कभी पंजाब की सियासत को तय करने वाले शिरोमणि अकाली दल-बादल में भी उम्मीदवार को लेकर पसोपेश वाले हालात बने हैं। इस हॉट-सीट पर होने वाले उप चुनाव को लेकर ‘यूटर्न टाइम’ की टीम ने जनता की नब्ज टटोली तो दिलचस्प पहलू सामने आए।

अरोड़ा के लिए चुनौती, कैसे करें इंडस्ट्री की उम्मीदें पूरी :

आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा जब से राज्यसभा सांसद बने, वह तभी से इंडस्ट्री के मुद्दों पर भी फोकस करते रहे हैं। लिहाजा अब लुधियाना वैस्ट से आप के उम्मीदवार बनने पर इंडस्ट्री की उनसे उम्मीदें और बढ़ गई हैं। दरअसल तमाम उद्यमी यह मानकर चल रहे हैं कि अरोड़ा चुनाव जीतकर डिप्टी सीएम जैसा अहम ओहदा हासिल करेंगे। ऐसे में उनके लिए यह बड़ी चुनौती मानी जा रही है कि आखिर वह इंडस्ट्री की उम्मीदों पर किस तरह खरा उतर पाएंगे।

सत्ताधारियों को दे रहे गिरफ्तारी की चुनौती, आशु की चाणक्य नीति !

कांग्रेसी उम्मीदवार बने पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु सियासत में आने के बाद से ही अपने तीखे तेवरों से खास पहचान रखते हैं। पंजाब में आप सरकार बनने के बाद अपने महकमे में कथित सैकड़ों करोड़ के घोटाले में उनको जेल भी जाना पड़ा था। बेल पर आने के बाद चुनाव मैदान में उतरे आशु फिर पुराने अंदाज में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को ललकार रहे हैं। उन्होंने अंदेशा जताते समर्थकों से कहा कि उनको फिर अरेस्ट किया जा सकता है, लेकिन वह जेल से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं। सियासी माहिरों की नजर में यह आशु की चाणक्य-नीति है, जिसके जरिए वह हल्के की जनता को इमोश्नली-कैश करने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा से कपूर का सवाल, कहां है विकास ?

इसी बीच तेजी से सक्रिय हुए वरिष्ठ भाजपा नेता व उद्यमी राकेश कपूर लगातार मौजूदा आप सरकार व पिछली कांग्रेस सरकार पर सियासी वार कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर तल्ख तेवर के साथ इलजाम लगाया कि पंजाब की मौजूदा आप सरकार विकास के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। आप के पिछले चुनाव में किए तमाम वादे अधूरे हैं और अब चुनावी-माहौल में फिर मतदाताओं को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाए जा रहे हैं।

शिअद से उतरे घुम्मन तो कहीं घुमा ना दें आप और कांग्रेस के मुद्दे :

पंजाब के एडीश्नल एडवोकेट जनरल रहे एडवोकेट परोपकार सिंह घुम्मन शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता भी हैं। वकील होने के नाते वह तेजतर्रार वक्ता भी माने जाते हैं। जानकारों की मानें तो अकाली दल लुधियाना वैस्ट हल्के से उनको चुनाव मैदान में उतार सकता है। ऐसे हालात में यह चुनाव और दिलचस्प हो जाएगा। दरअसल घुम्मन पहले भी आप और कांग्रेस को विकास के मुद्दे पर घेरते रहे हैं। उनका दावा है कि अकाली सरकार में ही पंजाब में चौतरफा विकास हुआ था। वह अगर चुनावी मैदान में उतरते हैं तो जानकारों की राय में वह आप और कांग्रेस के मुद्दों को पलटकर नया सियासी-माहौल बना सकते हैं।

—————-

Leave a Comment